Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-09-07

Seraikela Crime News: चौका में डकैती की बड़ी साजिश नाकाम, हथियारों के साथ छह अपराधी गिरफ्तार

Seraikela: सरायकेला-खरसावां पुलिस ने अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, सभी एक बड़ी डकैती की तैयारी में जुटे थे. पुलिस ने आरोपियों के पास से हथियार, बाइक, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल सामान बरामद किया है. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गायारी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने की.

बंद स्कूल में जुटे थे आरोपी
एसपी मनोज स्वर्गायारी ने चौका थाना में प्रेस वार्ता कर मामले की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि मटकमडीह के टोला चुटियाखाल स्थित बंद नव प्राथमिक विद्यालय, बरियाबेड़ा में कुछ अपराधी जमा हुए हैं. सूचना के आधार पर चौका थाना प्रभारी गौरव कुमार, कुचाई थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार मुंडा और अन्य पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में टीम बनाई गई. टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और छह आरोपियों को पकड़ लिया.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में मोनसा सिंह मुंडा निवासी बारुहातु, कुचाई, चम्बुराम मुंडा उर्फ चमुरा निवासी मेरोमजनगा, कुचाई, सोमा मुंडा उर्फ सब्जी, देबेन मुंडा और सोमा मुंडा उर्फ करपा निवासी बारसीडा, चौका शामिल हैं. इसके अलावा मुटुदा, चौका निवासी रामजीत मुंडा उर्फ मंगरा मुंडा को भी गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने बताया कि इन आरोपियों का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है.

पिस्टल से लेकर मोबाइल तक बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से दो पिस्टल और KF 7.65 की एक जिंदा गोली बरामद की. इसके अलावा लोहे का चाकू, दाउली और लोहे की हथौड़ी भी मिली. पुलिस ने तीन मोटरसाइकिलें, सात मोबाइल फोन, हेलमेट और टी-शर्ट भी जब्त की है. बरामद बाइक में स्प्लेंडर, करिज्मा और अपाचे शामिल हैं.

तीन लूट की घटनाओं का भी खुलासा
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने हाल की तीन घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है. पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त को बनसा शराब दुकान में लूट का प्रयास किया गया था. इसी दिन उरमाल स्थित माधुरी पेट्रोल पंप पर मोबाइल और नकद लूट की घटना हुई थी. इसके अलावा 3 सितंबर को घाटदुलमी के माउंट 10 व्यू होटल से दो मोबाइल फोन छीने गए थे. पुलिस ने इन घटनाओं में लूटे गए मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं. सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !