Jamshedpur Crime News: जमशेदपुर के आजादनगर थाना क्षेत्र में गार्ड के साथ छिनतई का मामला सामने आया है. घटना रोड नंबर 16 स्थित मुस्कान रेसिडेंसी के पास की बताई जा रही है. पीड़ित की पहचान मुंशी मोहल्ला निवासी उमाकांत महतो के रूप में हुई है. वह करीब 15 वर्षों से इसी इलाके में गार्ड का काम कर रहे हैं.
बालू में पटककर हाथ मोड़ने का आरोप
उमाकांत महतो के अनुसार, वह मुस्कान रेसिडेंसी की ओर जा रहे थे. इसी दौरान सुनसान गली में स्कूटी सवार दो युवक उनके पास पहुंचे. आरोप है कि दोनों युवकों ने उन्हें बालू में पटक दिया. इसके बाद हाथ मोड़कर उनकी जेब से पैसे और जरूरी दस्तावेज निकाल लिए. बताया गया कि उनकी जेब में करीब 1,500 रुपये और कुछ जरूरी डॉक्यूमेंट्स थे. घटना के दौरान उनका पैंट भी फट गया.
शिकायत लेकर आजादनगर थाना पहुंचे
घटना की जानकारी मिलने के बाद टाइगर मोबाइल के दो जवान मौके पर पहुंचे. इसके बाद उमाकांत महतो शिकायत दर्ज कराने आजादनगर थाना पहुंचे. फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है. आरोपियों की पहचान और घटना की वास्तविक स्थिति का पता लगाया जा रहा है.
नेचर पार्क के आसपास सुरक्षा पर सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नेचर पार्क के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है. लोगों का कहना है कि पार्क के आसपास युवकों के नशा करने की शिकायतें भी सामने आती रहती हैं. स्थानीय लोगों ने ऐसे इलाकों में पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की है. उनका कहना है कि सुनसान गलियों में पुलिस की नियमित पेट्रोलिंग होने से इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने में मदद मिल सकती है. लोगों ने नशे के खिलाफ कार्रवाई और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की भी मांग की है.