Giridih News: गिरिडीह जिला कांग्रेस कार्यालय में दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई. इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की और उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए. सभा में वक्ताओं ने सोनू के राजनीतिक और सामाजिक योगदान को याद किया.
दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि
श्रद्धांजलि सभा में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सुदिव्य कुमार सोनू के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की. इस दौरान कई कार्यकर्ता भावुक नजर आए. वक्ताओं ने उनके निधन को गिरिडीह और झारखंड की राजनीति के लिए बड़ी क्षति बताया.
सतीश केडिया ने याद किया योगदान
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सतीश केडिया ने कहा कि झारखंड ने एक उभरते राजनीतिक चेहरे को खो दिया है. उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू सिर्फ एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचार थे और गुरुजी के सपनों के झारखंड को लेकर लगातार काम करते रहे.
सतीश केडिया ने कहा कि सोनू के निधन से उन्हें व्यक्तिगत तौर पर भी गहरा दुख पहुंचा है. उन्होंने कहा कि उन्होंने पिता समान बड़े भाई को खोया है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है.
अशोक विश्वकर्मा ने भी जताया दुख
सभा में अशोक विश्वकर्मा ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू जैसे जनप्रतिनिधि गिरिडीह को लंबे समय बाद मिले थे. उन्होंने कहा कि अपने कार्यकाल में सोनू ने क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण काम किए और उनका असमय निधन बेहद दुखद है.
कांग्रेस नेताओं ने साझा किए विचार
श्रद्धांजलि सभा में मोहम्मद अली खान, मोहम्मद शमीम समेत कई वक्ताओं ने अपने विचार रखे. सभी ने दिवंगत मंत्री के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए उनके निधन पर शोक जताया और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की. कार्यक्रम में नरेश वर्मा, अजय सिन्हा, नागेश्वर मंडल, मनीर, महेश भगत, निजामुद्दीन, गुलाम सरवर समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद.