Ranchi University Convocation: रांची विश्वविद्यालय का 39वां दीक्षांत समारोह बुधवार को आयोजित होगा. इस मौके पर 3,353 विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की जाएगी, जबकि शानदार प्रदर्शन करने वाले छात्रों को 71 गोल्ड मेडल से सम्मानित किया जाएगा. समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे.
71 गोल्ड मेडल में छात्राएं आगे
इस बार गोल्ड मेडल हासिल करने वालों में छात्राओं की संख्या छात्रों से कहीं ज्यादा है. कुल 58 विद्यार्थियों को 71 मेडल दिए जाएंगे. इनमें 44 छात्राएं और 14 छात्र शामिल हैं. कुछ विद्यार्थियों ने एक से अधिक विषयों में बेहतर प्रदर्शन किया है, इसलिए उन्हें एक से ज्यादा गोल्ड मेडल मिलेंगे.
6,923 विद्यार्थी डिग्री के लिए योग्य
विश्वविद्यालय प्रशासन ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में समारोह की तैयारियों की जानकारी दी. अधिकारियों के मुताबिक, इस बार कुल 6,923 विद्यार्थी डिग्री लेने के योग्य हैं. इनमें से 3,353 ने दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए आवेदन किया है. समारोह के दौरान इन्हीं विद्यार्थियों को डिग्री दी जाएगी.
पहली बार दो शिक्षाविदों को मानद उपाधि
रांची विश्वविद्यालय के इतिहास में पहली बार दो प्रमुख शिक्षाविदों को मानद उपाधि दी जाएगी. इनमें नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशनल प्लानिंग एंड एडमिनिस्ट्रेशन की कुलपति प्रोफेसर डॉ. शशिकला बंजारी और लखनऊ विश्वविद्यालय की पूर्व कुलपति व IIM कलकत्ता के निदेशक प्रोफेसर डॉ. आलोक राय शामिल हैं. शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए दोनों को यह सम्मान दिया जाएगा. दोनों समारोह में विशिष्ट अतिथि के तौर पर भी मौजूद रहेंगे.
लोकभवन के निर्देश पर तैयारियां
विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि दीक्षांत समारोह की तैयारी लोकभवन के निर्देशों के मुताबिक की गई है. इस बार आयोजन में अनावश्यक खर्च से बचने पर भी जोर दिया गया है. सीमित संसाधनों के बीच विद्यार्थियों और अतिथियों के लिए बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराने की तैयारी की गई है.