Chatra News: चतरा के टंडवा में प्रेमी युगल को भीड़ से बचाने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया. अचानक हुए हमले में सदर थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक अनिल उरांव समेत करीब आधा दर्जन पुलिसकर्मी घायल हो गए. भीड़ ने पुलिस वाहनों में भी तोड़फोड़ की. बताया जा रहा है कि प्रेमी युगल से जुड़े मामले को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे थे. कुछ देर बाद भीड़ उग्र हो गई. स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने लोगों को समझाने और हालात संभालने की कोशिश की.
भीड़ के बीच फंसे थे प्रेमी युगल
इसी दौरान भीड़ ने पुलिस टीम पर पत्थर बरसाना शुरू कर दिया. पथराव के बावजूद पुलिसकर्मी पीछे नहीं हटे. प्रेमी युगल भीड़ के बीच फंसा था और दोनों की सुरक्षा को लेकर खतरा बना हुआ था. पुलिसकर्मियों ने अपनी सुरक्षा की परवाह किए बिना दोनों को भीड़ से बाहर निकाला. इसके बाद प्रेमी युगल को सुरक्षित जगह पहुंचाया गया.
थाना प्रभारी को गर्दन और हाथ में चोट
पथराव में थाना प्रभारी अनिल उरांव के गर्दन और हाथ में चोट लगी है. उनका इलाज एनटीपीसी अस्पताल में चल रहा है. हमले में घायल दूसरे पुलिसकर्मियों का भी इलाज कराया गया है. पुलिस वाहनों को हुए नुकसान की भी जानकारी सामने आई है. फिलहाल घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है. भीड़ के उग्र होने और पुलिस टीम पर हमला करने की घटना को लेकर आगे की कार्रवाई की जा सकती है.