Adityapur News: आदित्यपुर के आरआईटी थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम हुए वज्रपात से एक 21 वर्षीय युवती की मौत हो गई. घटना वार्ड नंबर 35 के कुलुपटांगा लोअर साइड फुटबॉल मैदान के पास हुई. मृतका की पहचान कुलुपटांगा बस्ती निवासी सुनील लोहार की बेटी मुस्कान लोहार के रूप में हुई है. हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया है.
मैदान के पास खड़ी थी मुस्कान
बताया गया कि मंगलवार शाम करीब 5 बजे मौसम अचानक बिगड़ गया. तेज गर्जना के बीच इलाके में आकाशीय बिजली गिरी. इसी दौरान फुटबॉल मैदान के पास मौजूद मुस्कान इसकी चपेट में आ गई. बिजली गिरने से वह बुरी तरह झुलस गई और जमीन पर गिरकर बेहोश हो गई.
स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल ले जाया गया
घटना की जानकारी मिलते ही वार्ड 35 के पार्षद प्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता बिट्टू पाड़िया मौके पर पहुंचे. उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से मुस्कान को तुरंत टाटा मुख्य अस्पताल पहुंचाया. उसे इमरजेंसी वार्ड में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. चिकित्सकों के अनुसार, अस्पताल पहुंचने से पहले ही युवती की मौत हो चुकी थी.
पुलिस जांच में जुटी
हादसे की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है. घटना के बाद इलाके के लोगों ने परिवार के प्रति संवेदना जताई है. सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से आपदा प्रबंधन के तहत पीड़ित परिवार को तत्काल मुआवजा देने की मांग की है.