Jamshedpur News: झारखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR अभियान के दौरान जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में तीन अफगानी नागरिकों के नाम मिलने का मामला सामने आया है. निर्वाचन विभाग के अनुसार दस्तावेज सत्यापन के दौरान आसिल खान, मोहम्मद असलम और मोहम्मद इब्राहिम के रिकॉर्ड में विसंगतियां मिलीं. जांच के बाद उनके अफगानिस्तान के नागरिक होने की पुष्टि होने की बात कही गई है.
SIR सत्यापन में सामने आया मामला
मतदाता सूची के सत्यापन के दौरान अधिकारियों को तीनों व्यक्तियों के दस्तावेजों में गड़बड़ी मिली. इसके बाद जिला निर्वाचन पदाधिकारी की ओर से संबंधित लोगों को नोटिस जारी किया गया और उनसे जरूरी दस्तावेज मांगे गए.
अनुमंडल पदाधिकारी अर्नब मिश्रा के मुताबिक, नोटिस का संतोषजनक जवाब और आवश्यक दस्तावेज नहीं मिलने के बाद पासपोर्ट की जांच कराई गई. अधिकारियों का कहना है कि जांच में तीनों के अफगानिस्तान के नागरिक होने की पुष्टि हुई.
दस्तावेज सत्यापन में पकड़ा गया मामला
बताया गया कि तीनों के नाम जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 286 की मतदाता सूची में क्रम संख्या 30, 31 और 33 पर दर्ज थे. अधिकारियों के अनुसार, इनका नाम पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान प्रारूप मतदाता सूची में भी शामिल हो गया था. निर्वाचन विभाग के मुताबिक, प्रारूप सूची में नाम शामिल होने के बाद दस्तावेजों की जांच के दौरान मामला सामने आया. अब विभाग यह जांच कर रहा है कि विदेशी नागरिकों के नाम मतदाता सूची में दर्ज होने की स्थिति कैसे बनी.
किसने कराई एंट्री, इसकी भी जांच
निर्वाचन विभाग इस पूरे मामले में उन लोगों और प्रक्रिया की जानकारी जुटा रहा है, जिसके जरिए तीनों के नाम मतदाता सूची तक पहुंचे. अधिकारियों के अनुसार, जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
इस घटना के बाद निर्वाचन विभाग राज्य में मतदाता सूची में शामिल संदिग्ध विदेशी नागरिकों की पहचान को लेकर जांच का दायरा बढ़ाने की तैयारी में है. अधिकारियों का कहना है कि सत्यापन के दौरान सामने आने वाले ऐसे मामलों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.