Ranchi: राजधानी रांची में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है. 1 सितंबर से 8 सितंबर 2026 के बीच शहर में कुल 26,905 चालान काटे गए. सिर्फ 8 सितंबर को चलाए गए विशेष अभियान के दौरान 3,185 चालान किए गए. इस कार्रवाई में सबसे ज्यादा मामले बिना हेलमेट वाहन चलाने के सामने आए.
बिना हेलमेट और नो पार्किंग में सबसे ज्यादा कार्रवाई
ट्रैफिक पुलिस ने बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ 1,659 चालान काटे. इसके बाद नो पार्किंग और गलत जगह वाहन खड़ा करने के 1,312 मामलों में कार्रवाई हुई. विशेष अभियान के दौरान ओवर स्पीड के 34 और रॉन्ग साइड ड्राइविंग के 30 चालान काटे गए. पिलियन राइड और नो एंट्री के भी 24-24 मामले पकड़े गए.
लाइसेंस और नंबर प्लेट पर भी कार्रवाई
बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने के 17 मामलों में चालान किया गया. वहीं फैंसी नंबर प्लेट लगाने पर 13 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई हुई. प्रदूषण नियमों के उल्लंघन के 11, सीट बेल्ट नहीं लगाने के 6 और इंश्योरेंस से जुड़े 4 मामलों में भी चालान काटे गए. इसके अलावा ब्लैक फिल्म, प्रेशर हॉर्न और टो वाहन से संबंधित मामलों पर भी पुलिस ने कार्रवाई की.
दस्तावेज साथ रखने की अपील
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से सभी जरूरी नियमों का पालन करने की अपील की है. पुलिस ने कहा है कि वाहन चलाते समय आवश्यक दस्तावेज अपने साथ रखें. पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी दूसरे वाहन का नंबर अपने वाहन पर लगाकर चलना नियमों का उल्लंघन है. ऐसे मामलों में भी कार्रवाई की जाएगी. ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.