Ranchi News: रांची के RSS कार्यालय पर हुए पेट्रोल बम हमले की जांच कर रही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने कार्रवाई तेज कर दी है। दिल्ली से गिरफ्तार किए गए एक युवक को लेकर NIA की टीम पटना पहुंची है और उसके बताए सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
पटना के अपार्टमेंट में NIA की जांच, तीन दिन पहले भी पहुंची थी टीम
NIA की टीम पटना के चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र स्थित साईं कुसुम इन्फिनिटी अपार्टमेंट पहुंची। यहां एक फ्लैट में टीम ने जांच की। इस दौरान कुछ संदिग्ध डिवाइस और अन्य सामान मिलने की जानकारी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि NIA की टीम करीब तीन दिन पहले भी इसी अपार्टमेंट में जांच के लिए गई थी। उस समय टीम को कोई खास सुराग नहीं मिला था और उसे वापस लौटना पड़ा था। अब दिल्ली से गिरफ्तार युवक से पूछताछ के बाद मिले इनपुट के आधार पर टीम दोबारा अपार्टमेंट पहुंची है।
हमले से कनेक्शन खंगाल रही NIA
NIA अब गिरफ्तार युवक और रांची के RSS कार्यालय पर हुए हमले के बीच संभावित संबंध की जांच कर रही है। एजेंसी हमले के पीछे की पूरी साजिश, इसमें शामिल लोगों और उनके आपसी कनेक्शन का पता लगाने में जुटी है। जांच आगे बढ़ने के साथ NIA की ओर से मामले से जुड़े अन्य लोगों से पूछताछ या उनकी गिरफ्तारी की संभावना भी जताई जा रही है।