Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-09-09

Dhanbad Crime News: धनबाद में शादी के नाम पर राजस्थान के परिवार से ठगी, फर्जी शादी रचाकर की मारपीट, 4 महिलाओं समेत 10 आरोपी गिरफ्तार

Dhanbad Crime News: धनबाद में शादी कराने के नाम पर एक परिवार को ठगी का शिकार बनाने का मामला सामने आया है. बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में पुलिस ने इस मामले में 10 लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार लोगों में 6 पुरुष और 4 महिलाएं शामिल हैं. आरोप है कि इन लोगों ने राजस्थान के रहने वाले एक परिवार को शादी के नाम पर धनबाद बुलाया. पहले फोन पर बातचीत हुई. फिर व्हाट्सएप्प  पर युवतियों की तस्वीरें भेजी गईं. रिश्ता पसंद आने के बाद परिवार शादी की उम्मीद लेकर धनबाद पहुंच गया. लेकिन यहां पहुंचने के बाद पूरा मामला बदल गया. आरोप है कि परिवार से शादी के नाम पर खरीदारी कराई गई और बाद में एक सुनसान गांव में ले जाकर शादी की रस्म पूरी कराई गई.




पहले फोन आया, फिर तस्वीरें भेजी गईं
डीएसपी मुख्यालय 1 कुमार विनोद ने बताया कि घटना 7 सितंबर की है. राजस्थान निवासी रमेश नट ने बरवाअड्डा थाने में इसकी शिकायत की थी. रमेश के मुताबिक, 3 सितंबर को सपना नाम की महिला ने उनसे संपर्क किया था. महिला ने अपने भतीजे की शादी के लिए युवतियों की तस्वीरें भेजीं. बात आगे बढ़ी तो रमेश अपने परिवार और भतीजे इकबाल के साथ धनबाद आ गए. उन्हें भरोसा था कि यहां शादी की बात पूरी हो जाएगी.

शादी के नाम पर कराई गई खरीदारी
धनबाद पहुंचने के बाद परिवार को गिरोह के लोग अपने साथ ले गए. आरोप है कि शादी के लिए उनसे काफी सामान और कपड़ों की खरीदारी कराई गई. इसके बाद परिवार को एक गांव में ले जाया गया. वहां एक युवती की मांग में इकबाल से सिंदूर भरवाया गया. शादी की रस्म पूरी होने के बाद लड़के वालों ने तुरंत युवती के घर जाकर खाना खाने से मना कर दिया. इसके बाद वहां विवाद हो गया. आरोप है कि गिरोह के लोगों ने परिवार के साथ मारपीट की. उन्हें धमकी दी गई और वहां से जाने को कहा गया.

पुलिस ने मोबाइल लोकेशन से आरोपियों को पकड़ा
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. मोबाइल नंबर और लोकेशन की मदद से आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई गई. इसके बाद पुलिस ने अलग अलग जगहों पर छापेमारी की. इस कार्रवाई में 10 आरोपी पकड़े गए. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय दास, राजेश कुमार, मंतोष साव, सुमन विश्वकर्मा, चंदन शर्मा, नीलम देवी, पूजा कुमारी, मकरी देवी, विशु यादव और राजेंद्र साव के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से ठगी से जुड़े गहने और कपड़े भी मिले हैं.

दूसरे राज्यों में भी ठगी की जांच
पुलिस को शक है कि यह केवल एक परिवार तक सीमित मामला नहीं हो सकता. आशंका है कि गिरोह ने पहले भी दूसरे राज्यों के लोगों को इसी तरह निशाना बनाया हो. फिलहाल गिरफ्तार सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं. मामले में आगे की कार्रवाई जांच और पूछताछ से मिलने वाली जानकारी के आधार पर की जाएगी. पुलिस पुराने मामलों में भी आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है.



WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !