Gamharia News: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र के बलरामपुर में चोरों ने बंद घर को निशाना बनाकर लाखों की चोरी कर ली. पीड़ित परिवार के मुताबिक, घर से दो भाइयों के करीब 30 लाख रुपये से अधिक के सोने के जेवरात और 28 हजार रुपये नकद चोरी हुए हैं. परिवार रात में बर्थडे पार्टी में गया था और बारिश के कारण वहीं रुक गया था.
सुबह घर पहुंचे तो टूटा मिला ताला
परिजनों का कहना है की सुबह जब बलरामपुर स्थित घर लौटे तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला. अंदर जाने पर दोनों कमरों में सामान बिखरा पड़ा था. बक्से और अटैचियां भी टूटी हुई थीं. पीड़ित आशुतोष कुमार के अनुसार, चोर बक्से और अटैची में रखे सोने के जेवरात निकाल ले गए. घर में जेवरात के खाली डिब्बे पड़े मिले. दोनों कमरों के कपड़े और अन्य सामान भी इधर-उधर बिखरे हुए थे.
दो भाइयों के जेवरात चोरी होने का दावा
परिवार के मुताबिक, चोरी में दो भाइयों के घर के जेवरात शामिल हैं. पीड़ित पक्ष ने दोनों के सोने के आभूषणों की कुल कीमत 30 लाख रुपये से अधिक बताई है. इसके अलावा घर से 28 हजार रुपये नकद भी गायब हैं.
CCTV में कैद हुई संदिग्ध गतिविधि
परिजनों ने बताया कि घर में लगे CCTV फुटेज की शुरुआती जांच में चोरी का समय शाम करीब 8:30 बजे से 9:20 बजे के बीच का दिखाई दे रहा है. हालांकि पुलिस फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट करेगी. आशुतोष कुमार ने बताया कि कुछ दिन पहले उनकी मां का एक्सीडेंट हुआ था. इसके कारण वह उन्हें लेकर सरायकेला में रह रहे थे. परिवार के एक साथ घर से बाहर होने का फायदा उठाकर चोरी किए जाने की आशंका जताई जा रही है.
चोरों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद गम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस टीम सुबह दो बार घटनास्थल पर पहुंचकर जांच कर चुकी है. पीड़ित परिवार की ओर से थाने में FIR दर्ज कराई गई है. पुलिस अब CCTV फुटेज और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान करने में जुटी है. फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.