Simdega News: नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से रकम वसूलने वाले गिरोह के खिलाफ सिमडेगा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए लोगों में गिरोह का सरगना ओम प्रकाश भी शामिल है. पुलिस की प्रारंभिक जांच में करीब 5 से 6 करोड़ रुपये की ठगी किए जाने की जानकारी सामने आई है.
मामला बानो और कुरडेग थाना क्षेत्र से संबंधित है. ग्रामीणों ने VSK फाउंडेशन पर नौकरी देने के नाम पर पैसे लेने का आरोप लगाते हुए शिकायत की थी. शिकायत के बाद दोनों थानों में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई.
एसपी श्रीकांत एस. खोटरे के निर्देश पर मामले की जांच के लिए SIT गठित की गई. टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को पकड़ा. पुलिस ने इनके पास से मामले से संबंधित दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी बरामद किए हैं.
पद के हिसाब से तय थी रकम
पुलिस के अनुसार, VSK फाउंडेशन के माध्यम से नेशनल हेड, स्टेट हेड, डिस्ट्रिक्ट हेड, ब्लॉक को-ऑर्डिनेटर और सेंटर इंचार्ज जैसे पदों पर नियुक्ति देने की बात कही जाती थी. इन पदों के लिए सिक्योरिटी मनी के नाम पर अलग-अलग रकम ली जाती थी. स्टेट हेड के लिए 3 लाख, डिस्ट्रिक्ट हेड के लिए 1.50 लाख, ब्लॉक को-ऑर्डिनेटर के लिए 60 हजार और सेंटर इंचार्ज के लिए 40 हजार रुपये लेने की बात जांच में सामने आई है.
इसके अलावा एनटीटी के लिए 40 हजार और पीटीटी के लिए 60 हजार रुपये वसूले जाने का भी आरोप है. लोगों को नौकरी के साथ स्टाइपेंड और सैलरी देने का भरोसा दिया जाता था. संस्था में ज्यादा लोगों को जोड़ने पर इंसेंटिव और कैश प्राइज देने का लालच भी दिया जाता था.
प्रॉपर्टी खरीदने में रकम लगाने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, लोगों से जुटाई गई रकम का इस्तेमाल निजी फायदे के साथ-साथ प्रॉपर्टी खरीदने में किया गया. पीड़ितों को उनकी रकम वापस दिलाने के लिए आरोपियों की संपत्ति अटैच करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
गिरफ्तार आरोपियों में अशोक साय, ओम प्रकाश, एनिस केरकेट्टा, सरोज केरकेट्टा, गोरैती केरकेट्टा और कुन्दन शर्मा शामिल हैं. पुलिस अब VSK फाउंडेशन के आर्थिक लेन-देन की विस्तृत जांच कर रही है.