Ranchi News: मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में करीब 30 आदिवासी बच्चों की मौत के मामले को लेकर झारखंड प्रदेश आदिवासी कांग्रेस ने रांची में सत्याग्रह किया. कांग्रेस नेताओं ने लोकभवन के सामने एक दिवसीय शांतिपूर्ण सत्याग्रह कर मामले में सरकार की जवाबदेही तय करने की मांग की.
प्रदेश अध्यक्ष राज उरांव के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन के माध्यम से मध्य प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री और उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल के इस्तीफे की मांग की गई. पार्टी ने मामले में सरकार से जवाब मांगा और जिम्मेदारी तय करने की मांग उठाई.
प्रभावित परिवारों के लिए मुआवजे और नौकरी की मांग
कांग्रेस ने मृत बच्चों के परिवारों को कम से कम 1 करोड़ रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की. इसके अलावा प्रभावित क्षेत्रों में स्थायी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने, बच्चों के पोषण की बेहतर व्यवस्था करने और सभी बच्चों का पूर्ण टीकाकरण सुनिश्चित करने की मांग की गई.
आदिवासी कांग्रेस ने बच्चों की मौत के मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की. पार्टी का कहना है कि यह केवल स्वास्थ्य संकट का मामला नहीं है, बल्कि सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर विफलता को भी दर्शाता है. कांग्रेस ने राज्यपाल से मामले में हस्तक्षेप करने और केंद्र तथा राज्य सरकार को आवश्यक कदम उठाने के लिए निर्देश देने की अपील की.