Bihar News: बिहार के वैशाली जिले के लालगंज में गुरुवार को फोरलेन निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया. हादसा लालगंज थाना क्षेत्र के जलालपुर पंचायत के इतवारपुर गांव के पास हुआ. यहां एनएच 139W पर पुल का निर्माण चल रहा था. इसी दौरान भारी सामान ले जा रही लॉन्चर मशीन अचानक अनियंत्रित हो गई. मशीन का एक हिस्सा टूटकर नीचे काम कर रहे मजदूरों पर गिर गया. हादसे में करीब सात मजदूर घायल हो गए.
डेढ़ घंटे तक मशीन के नीचे फंसा रहा मजदूर
हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई. स्थानीय लोगों और राहत टीम ने तुरंत बचाव का काम शुरू किया. वैशाली एसपी शुभांक मिश्रा के अनुसार, एक मजदूर मशीन के भारी हिस्से के नीचे दब गया था. उसका पैर मशीन में बुरी तरह फंस गया था. करीब डेढ़ घंटे की कोशिश के बाद उसे गैस कटर की मदद से मशीन काटकर बाहर निकाला गया.
तीन मजदूर हाजीपुर रेफर
सभी घायल मजदूरों को पहले इलाज दिया गया. इसके बाद तीन मजदूरों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हाजीपुर सदर अस्पताल भेजा गया. हादसे की जानकारी मिलते ही एसपी शुभांक मिश्रा और एसडीपीओ गोपाल मंडल भी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया.
सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच होगी
हादसे के बाद निर्माण स्थल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं. प्रशासन ने स्थानीय लोगों से बात कर वहां की स्थिति की जानकारी ली है. अब पुलिस इन बातों की जांच कर रही है.बसंबंधित एनएच विभाग से भी जानकारी ली जा रही है. यह देखा जा रहा है कि निर्माण कंपनी ने काम के दौरान तय सुरक्षा नियमों का पालन किया था या नहीं.
तेजस्वी यादव ने सरकार पर उठाए सवाल
हादसे के बाद इस मामले पर राजनीति भी शुरू हो गई है. बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सरकार पर सवाल उठाए. उन्होंने निर्माण में खराब गुणवत्ता और सुरक्षा नियमों की अनदेखी का आरोप लगाया. उन्होंने इसे लेकर निर्माणाधीन पुलों की सुरक्षा और सरकारी निगरानी पर भी सवाल खड़े किए. फिलहाल पुलिस और प्रशासन हादसे के कारणों की जांच कर रहे हैं. सुरक्षा नियमों का पालन हुआ था या नहीं, इसकी जांच के बाद ही स्थिति और साफ होगी.