Bokaro News: बोकारो के सेक्टर-4 थाना क्षेत्र स्थित कूलिंग पौंड में शुक्रवार सुबह 20 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान सेक्टर-9 निवासी रोशन कालिंदी के रूप में हुई है. वह सिटी कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई कर रहा था. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है.
पेट्रोलिंग के दौरान शव पर पड़ी नजर
सेक्टर-4 थाना के एसआई एमए हक के मुताबिक, शुक्रवार सुबह पुलिस टीम इलाके में पेट्रोलिंग कर रही थी. इसी दौरान कूलिंग पौंड के पास एक व्यक्ति का सिर नजर आया. पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तो वहां युवक का शव मिला. सूचना मिलने के बाद मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे. रोशन सेक्टर-9 के क्वार्टर नंबर 134, स्ट्रीट नंबर 11 में परिवार के साथ रहता था.
गुरुवार शाम घर से निकला था रोशन
परिजनों के अनुसार, रोशन गुरुवार शाम करीब सात बजे घर से निकला था. काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला. शुक्रवार सुबह कूलिंग प्वाइंट में शव मिलने की जानकारी मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और उसकी पहचान की.
मौत की वजह स्पष्ट नहीं है
पुलिस की शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि इसके पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है. परिजन भी किसी संभावित कारण की जानकारी नहीं दे सके हैं. बताया गया है कि रोशन पिछले कुछ दिनों से गुमसुम रह रहा था. हालांकि उसके इस व्यवहार और मौत के बीच किसी संबंध की अभी पुष्टि नहीं हुई है.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले में सेक्टर-4 थाना में केस दर्ज कर जांच की जा रही है. पुलिस युवक के मोबाइल फोन और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है.