Giridih News: गिरिडीह के बगोदर थाना क्षेत्र के घाघरा गांव में देर रात हथियारबंद बदमाशों ने एक घर को निशाना बनाया. करीब चार अपराधियों ने परिवार के सदस्यों को हथियार दिखाकर बंधक बनाया और घर से करीब 1.20 लाख रुपये नकद समेत लगभग दो लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए. घटना के बाद गांव में दहशत है.
मास्क पहनकर घर में दाखिल हुए बदमाश
घटना घाघरा गांव निवासी त्रिभुवन भुइया के घर की बताई जा रही है. परिजनों के अनुसार, देर रात करीब चार अज्ञात अपराधी वहां पहुंचे थे. सभी ने चेहरे पर मास्क लगा रखा था. घर में घुसने के बाद बदमाशों ने सो रहे परिवार के सदस्यों को जगाया. हथियार का डर दिखाकर उनके हाथ गमछे से बांध दिए गए और सभी को बंधक बना लिया. परिवार के लोगों को काबू में करने के बाद अपराधियों ने घर के अलग-अलग हिस्सों की तलाशी ली. इस दौरान उन्हें कमेटी के करीब 1.20 लाख रुपये नकद मिले. इसके अलावा करीब दो लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण भी बदमाश अपने साथ ले गए. वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए.

घटना की सूचना पर मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
अपराधियों के जाने के बाद परिवार के सदस्यों ने खुद को मुक्त किया और आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. जानकारी मिलते ही बगोदर-सरिया एसडीपीओ धनंजय कुमार राम, सरिया इंस्पेक्टर और बगोदर थाना प्रभारी राजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली.
पुलिस ने अपराधियों के घर तक पहुंचने और वारदात के बाद भागने के संभावित रास्तों की जानकारी जुटाई. इसके साथ ही घटना से जुड़े दूसरे बिंदुओं पर भी छानबीन की जा रही है. फिलहाल आरोपियों की पहचान सामने नहीं आई है. पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए जांच आगे बढ़ा रही है.
ग्रामीणों ने गश्त बढ़ाने की मांग की
घटना की जानकारी मिलने के बाद बगोदर के पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह भी घाघरा गांव पहुंचे. उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली. मौके पर उप प्रमुख हरेंद्र कुमार सिंह, मुखिया प्रतिनिधि लक्ष्मण महतो समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे.
हथियार के बल पर परिवार को बंधक बनाकर हुई वारदात से ग्रामीणों में डर और नाराजगी है. लोगों ने पुलिस से जल्द आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की है. ग्रामीणों ने इलाके में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की भी मांग की, ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके.