Chandil News: झारखंड आंदोलनकारियों के सम्मान और ग्रामीण छात्राओं की पढ़ाई को आसान बनाने के लिए चांडिल प्रखंड कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने आंदोलनकारियों को प्रमाण पत्र और छात्राओं को साइकिल वितरित की. विधायक ने चांडिल प्रखंड के 25 झारखंड आंदोलनकारियों को प्रमाण पत्र दिया. वहीं, 35 छात्राओं के बीच साइकिल बांटकर वितरण अभियान की शुरुआत की.
आंदोलनकारियों के संघर्ष को किया याद
सविता महतो ने कहा कि अलग झारखंड राज्य के लिए आंदोलनकारियों ने लंबे समय तक संघर्ष किया है. उनके योगदान और संघर्ष का सम्मान करना सरकार की जिम्मेदारी है. प्रमाण पत्र मिलने के बाद आंदोलनकारियों को सरकार की ओर से मिलने वाली विभिन्न सुविधाओं का लाभ लेने में मदद मिलेगी. विधायक ने कहा कि राज्य सरकार झारखंड आंदोलनकारियों के सम्मान और उनके हितों को लेकर गंभीर है.
चांडिल में 2500 विद्यार्थियों को मिलेगी साइकिल
विधायक ने बताया कि चांडिल प्रखंड क्षेत्र में करीब 2500 छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल का वितरण किया जाएगा. उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों के कई विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में परेशानी होती है. साइकिल मिलने से उन्हें रोजाना विद्यालय पहुंचने में सुविधा होगी. इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित नहीं होगी और वे नियमित रूप से स्कूल जा सकेंगे.
कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में बीडीओ सह सीओ तालेश्वर रविदास, जिला परिषद सदस्य पिंकी लायेक, झामुमो केंद्रीय सदस्य चारु चांद किस्कू, ओम प्रकाश लायेक, काबलु महतो, जिला सचिव बैधनाथ टुडू, प्रखंड अध्यक्ष कृष्णा किशोर महतो और समर भुईयां मौजूद रहे. इसके अलावा प्रखंड के पदाधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं, झारखंड आंदोलनकारी और अन्य लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए.