Ranchi News: रांची में UPSC की ओर से आयोजित सम्मिलित रक्षा सेवा परीक्षा (II) और राष्ट्रीय रक्षा अकादमी एवं नौसेना अकादमी परीक्षा (II), 2026 को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू रहेगी।
अनुमंडल दंडाधिकारी सदर रांची कुमार रजत ने BNSS की धारा 163 के तहत यह आदेश जारी किया है। आदेश 13 सितंबर की सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक प्रभावी रहेगा।
5 या उससे अधिक लोगों के जुटने और हथियार लेकर चलने पर रोक
परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में 5 या उससे अधिक लोगों के एक जगह जमा होने पर रोक रहेगी। इस दौरान लाउडस्पीकर बजाने, हथियार रखने या लाठी-डंडा, तीर-धनुष, गड़ासा और भाला जैसे हथियार लेकर चलने की अनुमति नहीं होगी। बैठक और आमसभा पर भी रोक रहेगी।
सरकारी कार्य में लगे अधिकारी-कर्मचारी और शवयात्रा को निषेधाज्ञा से छूट दी गई है।
21 परीक्षा केंद्रों पर तैनात रहेंगे दंडाधिकारी और पुलिसकर्मी
रांची में UPSC की इस परीक्षा के लिए 21 केंद्र बनाए गए हैं। इनमें सेंट्रल एकेडमी बरियातू, संत अलोइस हाई स्कूल, संत अन्ना बालिका उच्च विद्यालय, उर्सुलाइन इंटर कॉलेज, गोस्सनर हाई स्कूल, संत पॉल कॉलेज, डोरण्डा कॉलेज, गोस्सनर कॉलेज, निर्मला कॉलेज और DAV पब्लिक स्कूल कांके समेत अन्य केंद्र शामिल हैं।
प्रशासन की ओर से सभी परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारी, पुलिस अधिकारी और जवानों की तैनाती की गई है। परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचार मुक्त कराने के लिए यह व्यवस्था की गई है।