Seraikela Driving Licence Camp: ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए अब जिले के लोगों को जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. जिला परिवहन विभाग 18 सितंबर से 11 दिसंबर तक सभी 9 प्रखंडों में ड्राइविंग लाइसेंस शिविर लगाएगा. जिला परिवहन पदाधिकारी शंकराचार्य शमाड ने बताया कि शिविर खास तौर पर उन आवेदकों के लिए आयोजित किए जा रहे हैं, जिन्होंने लर्नर लाइसेंस प्राप्त कर लिया है.
शिविर में ही पूरा होगा ड्राइविंग टेस्ट
शिविर में आवेदकों का ड्राइविंग टेस्ट लिया जाएगा. इसके साथ ही स्लॉट वेरिफिकेशन और लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी. विभाग ने प्रखंडवार शिविर की तारीखें जारी कर दी हैं.
किस प्रखंड में कब लगेगा शिविर
चांडिल: 18 सितंबर
ईचागढ़: 25 सितंबर
कुकड़ू: 9 अक्टूबर
नीमडीह: 23 अक्टूबर
सरायकेला: 30 अक्टूबर
राजनगर: 20 नवंबर
खरसावां: 27 नवंबर
कुचाई: 4 दिसंबर
गम्हरिया: 11 दिसंबर
स्लॉट बुक करना जरूरी
शिविर में शामिल होने के लिए आवेदकों को पहले सारथी पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा. इसके बाद अपने प्रखंड में निर्धारित शिविर की तारीख के लिए स्लॉट बुक करना अनिवार्य है. स्लॉट बुक करने के बाद आवेदन की हार्ड कॉपी और जरूरी दस्तावेज लेकर तय तारीख पर संबंधित प्रखंड कार्यालय पहुंचना होगा.
टेस्ट के लिए वाहन और हेलमेट लाना होगा
दोपहिया वाहन का ड्राइविंग टेस्ट देने वाले आवेदकों को हेलमेट के साथ अपना वाहन लाना होगा. वहीं, चारपहिया वाहन के टेस्ट के लिए LMV वाहन लाना अनिवार्य है. डीटीओ ने सभी लर्नर लाइसेंसधारी आवेदकों से समय पर स्लॉट बुक करने और तय तारीख पर संबंधित स्थल पर पहुंचकर प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है.