Hazaribagh Crime News: हजारीबाग के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी जाफर अंसारी को गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से पुलिस ने चोरी किए गए सोने और चांदी के लगभग सभी आभूषण बरामद कर लिए हैं. बरामद जेवरात की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है.
15 सितंबर की रात घर में हुई थी चोरी
मामला सखिया पोस्ट-ओरिया का है. यहां एक परिवार के घर में 15 सितंबर की रात अज्ञात चोर घुस गया था. चोर घर से सोने के आभूषण समेत कई कीमती सामान लेकर फरार हो गया था. घटना के बाद इलाके में भी हड़कंप मच गया था. परिवार की शिकायत पर मुफस्सिल थाना में मामला दर्ज किया गया. इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की.
तकनीकी सुराग से आरोपी तक पहुंची पुलिस
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चोरी के मामले में विशेष छापामारी टीम बनाई गई. टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के साथ घटनास्थल से मिले सुरागों की जांच की. इसके आधार पर संदिग्ध ठिकानों की जानकारी जुटाई गई. जांच के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध के बारे में जानकारी मिली. इसके बाद मुफस्सिल थाना की टीम ने उसके ठिकाने की घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में उसकी पहचान जाफर अंसारी, पिता मोहकम अंसारी, निवासी तुरांग, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रूप में हुई.
करीब पांच लाख के जेवर बरामद
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर चोरी के आभूषण बरामद किए गए. बरामद सामान में करीब 29 ग्राम सोने के आभूषण और 450 ग्राम चांदी के आभूषण शामिल हैं. इनकी कुल अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है.
दूसरे आरोपी की तलाश में छापेमारी
पुलिस पूछताछ में इस चोरी में एक और व्यक्ति का नाम सामने आया है. गिरफ्तार आरोपी के कथित बयान के अनुसार, मो. रिजवान अंसारी भी वारदात में शामिल था. पुलिस अब उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. मुफस्सिल थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है. फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है.