Jamshedpur Accident News: जमशेदपुर के टेल्को भुवनेश्वरी मंदिर रोड पर शुक्रवार को स्कूल बच्चों से भरी वैन हादसे का शिकार हो गई. बताया जा रहा है कि वैन में चिन्मया स्कूल के बच्चे सवार थे. वैन स्टेडियम की ओर से बच्चों को छोड़ने जा रही थी. हादसे में करीब 15 से 17 बच्चे घायल हुए हैं. इनमें दो बच्चों और वैन चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है.
डिवाइडर से जोरदार टक्कर
हादसा सड़क के बीच बने डिवाइडर पर हुआ. टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन का चैम्बर तक फट गया. टक्कर की आवाज धमाके जैसी थी. आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए. बच्चों की चीख पुकार सुनकर आसपास की भीड़ जुट गई. पास के फ्लैटों से भी लोग नीचे आ गए. लोगों ने घायलों को वैन से बाहर निकालने में मदद की. इसके बाद सभी को इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल भेजा गया.
कार को बचाने के दौरान हुआ हादसा
कुछ राहगीरों के अनुसार हादसा एक कार को बचाने के दौरान हुआ. मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि चिन्मया स्कूल की ओर से एक कार आ रही थी. कार स्कूल वैन के बिल्कुल पास से निकल गई. लोगों के मुताबिक कार के गुजरने के बाद उसे पीछे मुड़कर देखने के चक्कर में वैन डिवाइडर से जा टकराई. हालांकि हादसे की सही वजह की आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है. घायलों के इलाज के साथ घटना की जानकारी जुटाई जा रही है.