Seraikela Breaking: सरायकेला में शुक्रवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने ठेकेदार संजय डालमिया के पटनायक टोला स्थित आवास पर छापेमारी की. करीब सात बजे तीन गाड़ियों से पहुंची ED की टीम ने घर में प्रवेश करने के बाद तलाशी शुरू की.
ED के अधिकारियों ने घर के अलग-अलग कमरों में तलाशी ली. इस दौरान दस्तावेजों के साथ अन्य सामान की भी जांच की गई. कार्रवाई को देखते हुए घर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था भी की गई थी. छापेमारी के दौरान ED की टीम ने कई दस्तावेजों और लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की पड़ताल की. फिलहाल टीम की जांच जारी है.
35 करोड़ रुपये के लोन मामले से जुड़ी कार्रवाई
मिली जानकारी के अनुसार, ED की यह कार्रवाई सहकारिता बैंक से जुड़े करीब 35 करोड़ रुपये के लोन मामले की जांच के तहत की जा रही है. लोन के भुगतान नहीं होने के साथ उससे जुड़े वित्तीय लेन-देन को भी जांच के दायरे में रखा गया है. इसी सिलसिले में ED की टीम संजय डालमिया के आवास पर मौजूद दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच कर रही है.
जमानत पर बाहर हैं संजय डालमिया
बताया जा रहा है कि संजय डालमिया इस मामले में फिलहाल जमानत पर बाहर हैं. हालांकि, शुक्रवार को हुई ED की कार्रवाई को लेकर एजेंसी की ओर से अभी तक कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. फिलहाल आवास पर ED की जांच जारी है. टीम की तलाशी और दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कार्रवाई में क्या-क्या सामने आया और मामले में आगे क्या कदम उठाए जाते हैं.