DSPMU Convocation 2026: डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय का तीसरा दीक्षांत समारोह 24 सितंबर को होगा. इस दिन विश्वविद्यालय के 6,415 विद्यार्थियों को डिग्री दी जाएगी. समारोह विश्वविद्यालय के दीक्षांत मंडप में होगा. डिग्री पाने वालों में 3,350 छात्राएं और 3,065 छात्र शामिल हैं. इनमें स्नातक, स्नातकोत्तर, बीएड और पीएचडी के विद्यार्थी हैं.
142 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक मिलेगा
इस बार 142 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक दिया जाएगा. इनमें छात्राओं की संख्या 93 है. वहीं 49 छात्रों को भी स्वर्ण पदक मिलेगा. पीएचडी पूरी करने वाले 20 विद्यार्थियों को भी समारोह में डिग्री प्रदान की जाएगी. अब तक 3,535 विद्यार्थियों ने समारोह में शामिल होने के लिए पंजीकरण कराया है. इनमें 1,834 स्नातक और 1,701 स्नातकोत्तर विद्यार्थी हैं.
इन विद्यार्थियों ने किया बेहतर प्रदर्शन
स्नातकोत्तर 2023 से 2025 सत्र में गणित से नेहा गोरुंग, समाजशास्त्र से प्रेम ठाकुर, संस्कृत से शुभम कुमार पांडेय, अकाउंट्स से एकता कुमारी और कंप्यूटर एप्लीकेशन से विभा रानी ने बेहतर प्रदर्शन किया है. 2024 से 2026 के स्नातकोत्तर सत्र में गणित की सिमरन कुमारी, मनोविज्ञान के आयुष राज, संस्कृत की सौम्या कुमारी आर्या, अकाउंट्स की सूर्या कुमारी और बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन से आयुषी कुमारी व जन्नत नूर का नाम शामिल है. स्नातक वर्ग में गणित की लवली कुमारी, भूगोल की प्रिया कुमारी, संस्कृत की तनु कुमारी सिंह, बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन की शुभकाम्ना सिंह और कंप्यूटर एप्लीकेशन की अमृता कुमारी तिवारी ने बेहतर प्रदर्शन किया है.
राज्यपाल करेंगे विद्यार्थियों को संबोधित
दीक्षांत समारोह में झारखंड के राज्यपाल और विश्वविद्यालय के कुलाधिपति संतोष गांगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य डॉ. राकेश मोहन जोशी विशिष्ट अतिथि रहेंगे. डॉ. राकेश मोहन जोशी को विश्वविद्यालय की ओर से मानद उपाधि भी दी जाएगी. वह समारोह में विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे.