Jamshedpur News: आगामी दुर्गा पूजा और त्योहारी सीजन को लेकर जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) ने तैयारियां शुरू कर दी हैं. नगर आयुक्त योगेन्द्र प्रसाद की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में शहर की सफाई, ट्रैफिक, रोशनी और विसर्जन घाटों की व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए गए.
विसर्जन घाटों पर रहेगी विशेष निगरानी
बैठक में विसर्जन घाटों को लेकर खास तौर पर चर्चा हुई. नगर आयुक्त ने घाटों पर CCTV कैमरे लगाने और निगरानी व्यवस्था मजबूत रखने का निर्देश दिया. भीड़ को नियंत्रित करने और लोगों के सुरक्षित आवागमन के लिए घाटों और पहुंच मार्गों पर उचित बैरिकेडिंग करने को कहा गया है. घाटों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी.
सफाई और कचरा उठाव पर जोर
त्योहारी अवधि में घाटों और आसपास के इलाकों की सफाई के लिए विशेष टीम तैनात करने का निर्देश दिया गया है. नियमित रूप से कचरा उठाव के साथ कचरे का पृथक्करण भी सुनिश्चित करने को कहा गया. सड़क, नाली, सार्वजनिक स्थलों और अन्य प्रमुख इलाकों में सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने पर भी जोर दिया गया.
आपात स्थिति से निपटने की तैयारी
नगर आयुक्त ने किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए आपातकालीन और त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था तैयार रखने को कहा. पूजा समितियों और संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर नियमित निरीक्षण और निगरानी करने का भी निर्देश दिया गया.
अधिकारियों को नियमित निरीक्षण का निर्देश
योगेन्द्र प्रसाद ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण और निरीक्षण करने को कहा. नागरिकों से जुड़ी समस्याओं का जल्द समाधान करने के निर्देश भी दिए गए.
उन्होंने कहा कि त्योहारी अवधि में शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित रखना JNAC की प्राथमिकता है. वहीं, नागरिकों और पूजा समितियों से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए त्योहार मनाने में सहयोग की अपील की गई.
बैठक में विशेष पदाधिकारी, सिटी मैनेजर, राजस्व निरीक्षक, लेखा पदाधिकारी, अभियंता, स्वच्छता विभाग के अधिकारी समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे.