Seraikela News: सरायकेला-खरसावां जिले में स्थित कांड्रा स्टेशन से चांडिल की ओर जाने वाली अप लाइन में शुक्रवार देर रात एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. शव झांझर पुल से पहले पोल संख्या 389/S11 के पास ट्रैक किनारे पड़ा था.
गुड्स ट्रेन के लोको पायलट ने देखा शव
जानकारी के मुताबिक, गुड्स ट्रेन के लोको पायलट की नजर ट्रैक किनारे पड़े शव पर गई. उन्होंने तत्काल इसकी सूचना रेलवे कंट्रोल को दी. रेलवे कंट्रोल से सूचना मिलने के बाद मामले की डायरी एंट्री कराई गई. इसके बाद आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की.
कांड्रा थाना पुलिस भी पहुंची मौके पर
कुछ देर बाद कांड्रा थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई. पुलिस ने आसपास के इलाके की जांच की और शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है. मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका भी अभी पता नहीं चल पाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
झाड़ियों और पथरीले रास्ते से शव निकालना पड़ा
अप लाइन के पास घटनास्थल तक सड़क की सीधी पहुंच नहीं होने के कारण पुलिस को शव बाहर निकालने में काफी परेशानी हुई. झाड़ियों और पथरीले रास्ते के बीच से पुलिसकर्मियों ने सावधानीपूर्वक शव को बाहर निकाला. काफी मशक्कत के बाद शव को सड़क तक लाया गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मृतक की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है.