Kolhan News: कोल्हान में बिजली की समस्याओं को लेकर दुखनी सोरेन ने जेबीवीएनएल के महाप्रबंधक से मुलाकात की. इस दौरान उन्हें लिखित पत्र भी सौंपा गया. पत्र में ग्रामीण इलाकों की कई बिजली समस्याओं को जल्द दूर करने की मांग की गई है.
बिजली से वंचित गांवों का हो सर्वे
दुखनी सोरेन ने कहा कि कोल्हान के कई गांवों में अब तक बिजली नहीं पहुंची है. ऐसे गांवों का जल्द सर्वे कराने की मांग की गई है. सर्वे के बाद वहां बिजली कनेक्शन देने की व्यवस्था करने को कहा गया है. जमशेदपुर प्रखंड के साथ डुमरिया और पोटका समेत पूर्वी सिंहभूम के सभी प्रखंडों में भी विशेष सर्वे की मांग रखी गई है. इससे बिजली विभाग के पुराने और लंबित कामों को पूरा करने में मदद मिलेगी.
जर्जर खंभे और तार बदलने की मांग
दुखनी सोरेन ने पुराने और खराब बिजली के खंभों को बदलने की मांग की. उन्होंने नंगे तारों की जगह सुरक्षित कवर वाले तार लगाने को भी कहा. नीचे लटक रहे हाईटेंशन तारों को भी सुरक्षित ऊंचाई पर करने की मांग रखी गई. ग्रामीण इलाकों में कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मरों की पहचान करने को कहा गया है. जरूरत के अनुसार इन ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने की मांग की गई है.
बिजली बिल की शिकायतों की जांच हो
ग्रामीणों की बिजली से जुड़ी शिकायतों का जल्द समाधान करने की मांग भी की गई. ज्यादा बिजली बिल आने की शिकायतों की जांच कराने को कहा गया.बगलत मीटर रीडिंग से जुड़ी शिकायतों पर भी कार्रवाई की मांग रखी गई.
स्थानीय लोगों को काम देने की मांग
दुखनी सोरेन ने बिजली विभाग के कामों में स्थानीय लोगों को भी मौका देने की मांग की. उन्होंने वेंडर और ठेकेदारी के काम में स्थानीय लोगों को अवसर देने की बात कही. इससे क्षेत्र में रोजगार के मौके बढ़ सकते हैं. साथ ही स्थानीय स्तर पर काम मिलने से पलायन कम करने में मदद मिलने की उम्मीद जताई गई. दुखनी सोरेन ने कहा कि लोगों की समस्याओं का समाधान जरूरी है. सुरक्षित बिजली व्यवस्था और स्थानीय रोजगार को भी प्राथमिकता दी जानी चाहिए. फिलहाल बिजली विभाग के सामने ग्रामीण इलाकों की इन समस्याओं को जल्द दूर करने की मांग रखी गई है.