Jamshedpur Crime News: जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र के पदमा रोड स्थित एलआईटी टाइप, कटर नंबर 65 में बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी की घटना सामने आई है. अज्ञात चोर घर से सोने-चांदी के आभूषण और 5 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए. घटना 18 सितंबर की शाम की बताई जा रही है. मकान मालिक विश्वनाथ राना ने कदमा थाना में लिखित शिकायत देकर पुलिस से कार्रवाई और चोरी हुए सामान की बरामदगी की मांग की है.
मेला देखने गया था परिवार
विश्वनाथ राना के अनुसार, 18 सितंबर की शाम करीब 7:30 बजे परिवार के सभी लोग घर में ताला लगाकर पास में लगे मेला देखने गए थे. करीब 8:50 बजे परिवार वापस लौटा. घर पहुंचने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला. अंदर जाने पर कमरों का सामान बिखरा पड़ा था.
अलमारी से जेवर और नकदी गायब
परिजनों ने घर की जांच की तो अलमारी के ताले भी टूटे मिले. पुलिस को दिए आवेदन में चोरी हुए सामान की सूची भी दी गई है. चोर एक सोने का गले का सेट, एक सोने की चेन और एक सोने की अंगूठी ले गए. इसके अलावा छह जोड़ी चांदी की पायल, सात चांदी की अंगूठियां और चार बिछिया भी चोरी हुई हैं. अलमारी में रखे 5 हजार रुपये नकद भी गायब मिले.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की शिकायत मिलने के बाद कदमा थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस चोरों की पहचान और चोरी हुए सामान की बरामदगी के लिए छानबीन कर रही है. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात को किसने अंजाम दिया और चोर किस रास्ते से घर में दाखिल हुए.