Ranchi News: रांची के लालपुर स्थित ऑर्किड अस्पताल में मरीज की मौत के बाद शनिवार को परिजनों ने जमकर हंगामा किया. परिवार ने अस्पताल के इलाज और बिलिंग को लेकर कई सवाल उठाए हैं. मामले की जानकारी मिलने के बाद सिविल सर्जन ने तीन डॉक्टरों की टीम को अस्पताल भेजकर जांच कराई. टीम ने अस्पताल पहुंचकर मामले से जुड़ी जानकारी ली और अपनी रिपोर्ट सिविल सर्जन को सौंप दी है.
मौत के बाद भी बिल बनाने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि मरीज की मौत रात करीब 2 बजे हो गई थी. इसके बावजूद सुबह 5:30 बजे तक फार्मेसी का बिल बनाया जाता रहा. परिजनों ने इलाज के दौरान दवाओं और इंजेक्शन को लेकर भी सवाल उठाया. उनका कहना है कि करीब दो घंटे के अंदर मरीज को 200 इंजेक्शन कैसे दिए गए, इसकी जांच होनी चाहिए.
पुलिस पर FIR दर्ज नहीं करने का आरोप
परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं. उनका आरोप है कि शिकायत लेकर थाना पहुंचने के बावजूद FIR दर्ज नहीं की गई. परिजनों के मुताबिक, पुलिस ने उन्हें शव ले जाने के लिए कहा. साथ ही कार्रवाई की प्रक्रिया में करीब एक महीने लगने की बात भी कही गई.
विधायक इरफान अंसारी के आवास पहुंचे परिजन
पुलिस से शिकायत के बाद परिजन विधायक इरफान अंसारी के आवास पहुंचे. यहां उन्होंने पूरे मामले की जानकारी दी और कार्रवाई की मांग की. परिजनों के अनुसार, वे काफी समय से अस्पताल में मौजूद थे. इसी दौरान परिवार की एक महिला सदस्य की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गई. फिलहाल सिविल सर्जन की जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद आगे की कार्रवाई का इंतजार है. मरीज की मौत के कारण और इलाज से जुड़े परिजनों के आरोपों की जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.