Jamshedpur Crime News: जमशेदपुर के जुगसलाई के स्टेशन रोड स्थित घोड़ा चौक के पास एक दुकान में चोरी की वारदात सामने आई है. Malik Playwood And Developer Pvt. Ltd. को निशाना बनाकर चोरों ने करीब 1 लाख रुपये नकद समेत कई कीमती सामान चुरा लिए.
स्कूटी से पहुंचे, छत के रास्ते दुकान में घुसे
बताया जा रहा है कि दो युवक स्कूटी से दुकान के पास पहुंचे थे. इसके बाद दोनों छत पर चढ़े और सीढ़ियों के रास्ते दुकान के अंदर दाखिल हुए. दुकान में पहुंचने के बाद दोनों ने नकदी और कीमती सामान की तलाश की. सामान समेटने के बाद दोनों मौके से फरार हो गए.
कैश के साथ लैपटॉप और सोने का सिक्का चोरी
चोरी में करीब 1 लाख रुपये नकद के अलावा एक लैपटॉप भी गायब है. दुकान से लक्ष्मी और गणेश की चांदी की मूर्तियां तथा एक सोने का सिक्का भी चोरी होने की बात सामने आई है. घटना की जानकारी मिलने के बाद दुकान संचालक ने जुगसलाई थाना पुलिस को इसकी सूचना दी.
CCTV फुटेज से चोरों की तलाश
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान का जायजा लिया. इसके बाद पुलिस ने दुकान और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की. शुरुआती जांच में दो युवकों के दुकान के आसपास आने की जानकारी मिली है. पुलिस अब फुटेज के आधार पर दोनों की पहचान करने में जुटी है.
पुलिस यह भी पता लगा रही है कि दोनों युवक किस रास्ते से छत तक पहुंचे थे और चोरी के बाद स्कूटी से किस दिशा में भागे. आसपास के इलाकों के CCTV भी खंगाले जा रहे हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. CCTV फुटेज और दूसरे साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी की कोशिश की जा रही है.