Jamshedpur Crime News: जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह बैंक डकैती की बड़ी वारदात से हड़कंप मच गया. केनरा बैंक की शाखा में हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोलकर बैंककर्मियों को गन प्वाइंट पर बंधक बना लिया. अपराधियों ने बैंक मैनेजर से चेस्ट खुलवाया और करीब 43 लाख रुपये नकद के साथ लगभग 2.5 किलो सोना लेकर फरार हो गए.
सुबह करीब 9:15 बजे बैंक में घुसे अपराधी
बताया जा रहा है कि अपराधी गुरुवार सुबह करीब 9:15 बजे हथियार लेकर बैंक पहुंचे थे. अंदर घुसते ही उन्होंने बैंक कर्मचारियों को हथियार दिखाकर धमकाया और सभी को अपने कब्जे में ले लिया. इसके बाद अपराधियों ने बैंक मैनेजर को चेस्ट खोलने के लिए मजबूर किया. चेस्ट खुलते ही उन्होंने नकदी और सोना अपने कब्जे में लिया और बैंक से निकलकर फरार हो गए.
वारदात के बाद पुलिस ने शुरू की जांच
अपराधियों के जाने के बाद बैंककर्मियों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही गोलमुरी पुलिस मौके पर पहुंची और बैंक परिसर की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. फुटेज के जरिए अपराधियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने की कोशिश की जा रही है.
अपाचे बाइक के आधार पर सुराग तलाश रही पुलिस
शुरुआती जांच में अपराधियों के भागने के दौरान इस्तेमाल की गई अपाचे मोटरसाइकिल के संबंध में पुलिस को जानकारी मिली है. अब सीसीटीवी फुटेज और बाइक से जुड़े सुरागों के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है. घटना की गंभीरता को देखते हुए आसपास के थाना क्षेत्रों की पुलिस को भी अलर्ट किया गया है. शहर से बाहर निकलने वाले संभावित रास्तों पर निगरानी बढ़ाई गई है.
संभावित ठिकानों पर छापेमारी
पुलिस की अलग-अलग टीमें अपराधियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं. दिनदहाड़े बैंक के अंदर हथियार के बल पर हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी गई है.