Jamshedpur: स्वच्छ भारत मिशन के तहत आयोजित स्वच्छता सर्वेक्षण 2024-25 में जमशेदपुर ने एक और कीर्तिमान रचते हुए राष्ट्रीय स्तर पर 3 से 10 लाख की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर मंगलवार को विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित भव्य समारोह में भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के कर-कमलों से जमशेदपुर को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया गया।
इस अवसर पर झारखंड के प्रधान सचिव, नगर विकास एवं आवास विभाग सुनील कुमार, निदेशक सुडा सूरज कुमार और अपर नगर आयुक्त, जमशेदपुर अक्षेस कृष्ण कुमार ने संयुक्त रूप से यह पुरस्कार ग्रहण किया।
जमशेदपुर को इस उपलब्धि के साथ साथ 5 स्टार रेटिंग भी प्राप्त हुई है, जो स्वच्छता की दिशा में किए जा रहे निरंतर प्रयासों और जनभागीदारी का प्रमाण है। झारखंड से नामित जमशेदपुर को यह पुरस्कार आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित समारोह में प्रदान किया गया।
इस गौरवपूर्ण क्षण पर जिला उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने समस्त नगर वासियों, सफाईकर्मियों और नगर निकाय प्रशासन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि, "यह पुरस्कार सिर्फ एक मान्यता नहीं, बल्कि जमशेदपुर की जनता की जागरूकता, नगर निगम कर्मियों की मेहनत और प्रशासनिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है। हमें स्वच्छता को केवल एक मिशन नहीं, बल्कि जीवनशैली बनाना होगा।"
यह उपलब्धि न केवल जमशेदपुर के लिए गर्व की बात है, बल्कि पूरे झारखंड के लिए प्रेरणादायक संकेत है कि निरंतर प्रयास और जनसहभागिता से कोई भी शहर देश के सर्वश्रेष्ठ शहरों में शुमार हो सकता है।