Jamshedpur: जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र की विधायक पूर्णिमा साहू ने सोमवार को बर्मामाइंस मंडल क्षेत्र के विभिन्न बस्तियों का सघन दौरा किया और जनता से सीधा संवाद स्थापित किया। उन्होंने ईस्ट प्लांट बस्ती में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया, साथ ही भक्तिनगर, रघुवर नगर, सिदो-कान्हू बस्ती और मनीफीट समेत कई इलाकों में जाकर मॉनसून के बाद उत्पन्न जनसमस्याओं का जायजा लिया।

विधायक ने क्षेत्र में जलजमाव, जर्जर सड़कों, नाली सफाई, कचरा प्रबंधन और स्ट्रीट लाइट जैसी समस्याओं पर चिंता जताई और संबंधित विभागों से तत्काल कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से फोन पर बात कर आवश्यक निर्देश भी दिए और स्थानीय लोगों को शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।
इस दौरान उन्होंने बीना रोड स्थित लिंडे इंडिया लिमिटेड के पास भारी वाहनों की अवैध पार्किंग से हो रही ट्रैफिक जाम की गंभीर समस्या को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि यह समस्या भक्तिनगर, रघुवर नगर और अन्य बस्तियों के स्कूली बच्चों, मरीजों और आम लोगों के लिए असहनीय हो गई है।
विधायक ने कहा कि टाटा स्टील द्वारा बर्मामाइंस दुर्गा पूजा मैदान को भारी वाहनों की पार्किंग के लिए चिन्हित तो किया गया है, लेकिन समुचित प्रबंधन के अभाव में व्यवस्था चरमराई हुई है। उन्होंने टाटा स्टील प्रबंधन, जिला प्रशासन, ट्रैफिक डीएसपी और बर्मामाइंस थाना प्रभारी से फोन पर बात कर तत्काल समाधान की मांग की।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र की जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए वे पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ प्रयासरत हैं और सभी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
दौरे के दौरान उनके साथ विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव, बर्मामाइंस मंडल अध्यक्ष सूरज सिंह, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रामबाबू तिवारी, दिनेश कुमार, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कुलवंत सिंह बंटी, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष सागर राय सहित कई वरिष्ठ नेता और स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।