Dhanbad: धनबाद जिला परिवहन विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है. दो वाहनों को एक ही पंजीकरण नंबर उपलब्ध कराया गया है. दोनों ही वाहनों पर एक समान नंबर प्लेट लगा है और सड़क पर दोनों चल रही है.
दरअसल, परिवहन विभाग की ओर से एक ही पंजीकरण नंबर कार और बाइक के मालिक को उपलब्ध कराया गया है. दो अलग-अलग गाड़ियों का रजिस्ट्रेशन नंबर जेएच 10 सीडी 0519 है. गाड़ियों में एक निजी कार और दूसरी पुलिस विभाग की सिटी हॉक बाइक है. कार गोविंदपुर के टुंडी रोड निवासी राहुल कुमार के नाम पर पंजीकृत है, जबकि बाइक पुलिस विभाग की है.
इस संबंध में कार के ऑनर राहुल कुमार ने बताया कि उन्होंने यह कार सभी नियमों का पालन करते हुए खरीदी थी और परिवहन विभाग से उसका पंजीकरण भी करवाया था. उन्होंने आश्चर्य जताया कि कैसे उनकी गाड़ी का नंबर किसी और गाड़ी के लिए आवंटित है. बता दें कि 24 जून को बीसीसीएल के द्वारा 50 सिटी हॉकर बाइक पुलिस विभाग को दी गई थी. जिसका रजिस्ट्रेशन धनबाद एसएसपी के नाम से है.
वहीं इस संबंध में धनबाद डीटीओ दिवाकर सी द्विवेदी ने कहा कि एजेंसी की ओर से गलती की गई है. हाई सिक्योरिटी नंबर एजेंसी की गलती के कारण एक ही नंबर कार और बाइक को मिल गया है. कार का नंबर सही है, जबकि बाइक का नंबर 0529 है, लेकिन कुछ तकनीकी गड़बड़ी के कारण 0519 आरसी में प्रिंट हो गया था. संबंधित एजेंसी को हिदायत दी गई है. धनबाद पुलिस की सिटी हॉकर बाइक को नया रजिस्ट्रेशन नंबर जारी कर दिया जाएगा.