Jamshedpur: झारखंड के चक्रधरपुर रेलमंडल में जल्द नया रेलवे स्टेशन बनेगा। जमशेदपुर के पास कुदादा में बनने वाले इस स्टेशन का नाम स्वर्णरेखा स्टेशन होगा। दक्षिण पूर्व रेलवे जोन ने इस आशय का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा है। बोर्ड की अनुमति मिलने पर इस दिशा में आगे का काम शुरू होगा। यह टाटानगर- बादामपहाड़ रेलमार्ग पर दसवां स्टेशन होगा।
चक्रधरपुर रेलमंडल के इस स्टेशन को लेकर सर्वे कराया था। जमशेदपुर के सांसद विद्युतवरण महतो ने ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को लेकर रेल सुविधाओं के विस्तार का मामला उठाया था। पूर्वी सिंहभूम जिले के अधीन आने वाले इस स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। इस क्षेत्र की जीवनदायिनी स्वर्णरेखा नदी के नाम पर ही इसका प्रस्ताव रखा गया है। टाटानगर बादामपहाड़ रेलमार्ग के इस 10 वें स्टेशन के अस्तित्व में आने से टाटानगर से हल्दीपोखर के बीच के ग्रामीणों को आवागमन में सहूलियत होगी।
मालूम होगी टाटानगर से बादामपहाड़ मार्ग पर अभी पांच ट्रेनें चलती हैं। इनमें तीन टाटानगर बादामपहाड़ मेमू ट्रेन और दो साप्ताहिक (राउरकेला बादामपहाड़ और शालीमार बादामपहाड़) एक्सप्रेस शामिल है। सांसद की पहल से ही अक्तूबर 2019 में चक्रधरपुर मंडल ने टाटानगर बादामपहाड़ रेलमार्ग पर एक नया रेलवे हॉल्ट बनाया था, जहां तीनों मेमू ट्रेनें रोज अप-डाउन में रुकती है।
स्थानीय लोगों ने हॉल्ट के लिए रेलवे को सौंपा था ज्ञापन
जानकारी के मुताबिक, टाटानगर बादामपहाड़ रेलमार्ग में गुरुमहीसानी और आंवलाजुड़ी स्टेशन के बीच टांगरजोड़ा व शानपखना गांव में दो रेलवे हॉल्ट बनाने का सर्व विभिन्न विभागों से कराया है। स्थानीय लोगों ने रेलवे हॉल्ट बनाने की मांग पर चक्रधरपुर मंडल में संयुक्त ज्ञापन दिया था लेकिन दोनों गांव के पास हॉल्ट बनाने पर अभी कोई निर्णय नहीं हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार, टांगरजोड़ा व शानपखना में रेलवे हॉल्ट बनने से ओडिशा के पांच हजार से ज्यादा लोगों को आवागमन में सहूलियत होगी।