Jharia: झरिया थाना क्षेत्र के आरएसपी कॉलेज परिसर में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब लंबे समय से बंद पड़े इस कॉलेज भवन में एक युवती बेहोशी की हालत में पाई गई। घटना की जानकारी तब सामने आई जब कुछ बच्चे वहां क्रिकेट खेलने पहुंचे और युवती को अचेत अवस्था में देख तुरंत स्थानीय लोगों को सूचना दी।
मामले की जानकारी मिलते ही झरिया थाना प्रभारी शशि रंजन कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायज़ा लिया। युवती को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
फिलहाल युवती की पहचान नहीं हो सकी है और यह भी स्पष्ट नहीं है कि वह कॉलेज परिसर में कैसे पहुंची। प्रारंभिक जांच में उसके शरीर पर किसी तरह की बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं, लेकिन पुलिस ने मेडिकल जांच कराने का निर्णय लिया है, ताकि किसी भी तरह की आपराधिक घटना की आशंका को खारिज या पुष्ट किया जा सके।
गौर करने वाली बात यह है कि आरएसपी कॉलेज परिसर वर्षों से बंद है और सुनसान पड़ा रहता है। स्थानीय लोग पहले भी इस स्थान पर असामाजिक तत्वों की गतिविधियों को लेकर चिंता जता चुके हैं।
झरिया पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। युवती के होश में आने के बाद उसके बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है और लोगों में सुरक्षा को लेकर बेचैनी बढ़ गई है।