Jamshedpur: जमशेदपुर के बागबेड़ा क्षेत्र के नया बस्ती और आस-पास के निचले इलाकों में शुक्रवार देर रात से हो रही लगातार बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए जब खरकई नदी का जलस्तर बढ़ने से तेज़ी से पानी लोगों के घरों में घुस गया। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि लगभग 150 से अधिक घरों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया, जबकि 50 से 60 घर पूरी तरह से जलमग्न हो गए। बारिश के दिनों में यह इलाका अक्सर संकट में घिर जाता है, लेकिन इस बार स्थानीय लोगों का गुस्सा प्रशासन की लापरवाही को लेकर फूट पड़ा है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि डैम के गेट बिना किसी पूर्व सूचना के खोले गए, जिससे अचानक पानी का बहाव बढ़ गया और लोग तैयारी भी नहीं कर सके। लोगों का यह भी आरोप है कि गेट खोले जाने की कोई मुनादी या सार्वजनिक घोषणा नहीं की गई। जब इस मुद्दे पर जिला परिषद सदस्य कविता परमार से बात की गई तो उन्होंने भी स्वीकार किया कि यह सही है कि गेट खोलने से पहले स्थानीय निवासियों या जनप्रतिनिधियों को कोई जानकारी नहीं दी गई थी।
बाढ़ से प्रभावित इलाकों में लोगों के घरों में रखा सामान पानी में बह गया है और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई परिवारों को घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा।
खबर लिखे जाने तक प्रशासन की कोई भी टीम मौके पर नहीं पहुंची है और यह लापरवाही "बिना सूचना गेट खोलना" अब सवालों के घेरे में है। स्थानीय लोगों की मांग है कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से पहले स्पष्ट चेतावनी दी जाए ताकि समय रहते सुरक्षा के कदम उठाए जा सकें।
8
