Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2025-07-26

Jamshedpur Sakchi Violence: संपत्ति विवाद में साकची में हिंसक झड़प, लाठी-डंडे और तलवारें चलीं, दो घायल, देखिए VIDEO

Jamshedpur: जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक संपत्ति विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। साकची के कालीघाट रोड स्थित मोहन कॉम्प्लेक्स में दो पक्षों के बीच मारपीट, पथराव और तलवारबाजी की घटना सामने आई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


यह झगड़ा सुबह लगभग 6 बजे उस समय शुरू हुआ, जब फर्नीचर कारोबारी सुखविंद्र सिंह और छप्पन भोग के मालिक राजा सिंह भाटिया के बीच संपत्ति को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद ने कुछ ही देर में उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों, पत्थरों और तलवारों से हमला कर दिया। इस हिंसक भिड़ंत में दो लोग घायल हुए हैं।


सूचना मिलते ही साकची थाना प्रभारी आनंद कुमार मिश्रा बिना समय गंवाए हाफ पैंट में ही पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटनास्थल से एक तलवार भी बरामद की गई है।

सुखविंद्र सिंह का आरोप है कि उन्होंने कॉम्प्लेक्स का एक हिस्सा खरीदा है, लेकिन राजा सिंह भाटिया जबरन उस पर कब्जा करने पहुंचे। विरोध करने पर उन्हें और उनके भाई को बुरी तरह पीटा गया, जान से मारने की धमकी दी गई और उनका मोबाइल व गहने भी छीन लिए गए। वहीं, राजा सिंह भाटिया ने सभी आरोपों को नकारते हुए कहा कि वे केवल अपनी संपत्ति की मरम्मत कराने गए थे, जहां उन पर पहले हमला किया गया।

थाना प्रभारी ने बताया कि विवाद की जड़ संपत्ति का स्वामित्व है और दोनों पक्षों से लिखित शिकायत ली गई है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !