आदित्यपुर (जमशेदपुर)। बीते दिनों हुई मूसलाधार बारिश के कारण नदी किनारे बसे तटीय इलाकों में जलजमाव और घरों में पानी घुसने से स्थिति भयावह हो गई। लेकिन इस आपदा के बीच जिला प्रशासन द्वारा समय पर राहत व बचाव कार्य न किए जाने को लेकर स्थानीय नागरिकों में जबरदस्त आक्रोश देखा गया।
प्रभावित इलाकों—वार्ड 11, वार्ड 18, भाटिया बस्ती एवं बाबा कुटिया में सरायकेला लोजपा जिला अध्यक्ष अनिल पासवान के नेतृत्व में राहत और बचाव कार्य पूरी रात चलाया गया। इस दौरान लोजपा की टीम द्वारा बाढ़ पीड़ितों के बीच राशन, पका हुआ खाना, टॉर्च, मोमबत्ती एवं अन्य आवश्यक सामग्री का वितरण किया गया।
वहीं, दूसरी ओर स्थानीय नगरवासियों का आरोप है कि नगर निगम के अधिकारी सिर्फ औपचारिकता निभाते नजर आए। नागरिकों का कहना है कि अधिकारी मौके पर केवल फोटो खिंचवाकर लौट गए, जबकि ज़मीनी हकीकत यह रही कि हल्की बारिश की आशंका में भी लोगों की जान खतरे में बनी रही।
अनिल पासवान ने बताया कि जलजमाव के कारण दर्जनों घर पूरी तरह डूब चुके हैं, जिससे लोगों के लाखों रुपये मूल्य के घरेलू सामान बर्बाद हो गए हैं। नगर निगम से वैकल्पिक व्यवस्था के तहत नाव की मांग की गई थी, लेकिन समय रहते नाव उपलब्ध नहीं कराई गई।
उन्होंने यह भी बताया कि प्रशासन द्वारा कहा गया था कि नाश्ता, भोजन और आवश्यक राहत सामग्री वितरित की जाएगी, लेकिन वास्तव में ऐसा कुछ नहीं हुआ। अंततः लोजपा कार्यकर्ताओं ने ट्यूब की मदद से सभी प्रभावित घरों तक पहुंचकर मोमबत्ती, खाना एवं अन्य आवश्यक सामग्रियों का वितरण स्वयं किया।
इस मौके पर पीड़ितों ने जनप्रतिनिधियों को अपनी व्यथा भी सुनाई। राहत कार्यों में इशांत शर्मा, राजा ठाकुर सहित लोजपा के कई कार्यकर्ता भी सक्रिय रूप से मौजूद थे।