Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2025-07-28

Jamshedpur: बोल बम के जयकारों से गूंज उठा सूर्यधाम, सुल्तानगंज गंगाजल से हुआ बाबा भोलेनाथ का भव्य जलाभिषेक, रघुवर दास भी पैदल यात्रा में हुए शामिल

Jamshedpur: पवित्र श्रावण माह की तृतीय सोमवारी पर सिदगोड़ा सूर्य मंदिर समिति द्वारा आयोजित जलाभिषेक यात्रा आस्था, भक्ति और भव्यता का अनुपम संगम बन गई। हजारों श्रद्धालुओं ने सुल्तानगंज के उत्तरवाहिनी गंगा जल को लेकर बारीडीह हरि मंदिर मैदान से सूर्यधाम शिवालय तक पदयात्रा की। भक्तिमय संगीत, आकर्षक झांकियों, घोड़ों, बैंड-बाजों और पुष्पवर्षा के साथ पूरी यात्रा माहौल को शिवमय बना रही थी।


इस विशेष अवसर पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सूर्य मंदिर समिति के मुख्य संरक्षक रघुवर दास स्वयं नंगे पांव श्रद्धालुओं के संग यात्रा में शामिल हुए और सूर्यधाम पहुंचकर बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। उन्होंने पूरे राज्यवासियों के सुख, समृद्धि और उन्नति की कामना की।


सुबह से ही हर हर महादेव और बोल बम के जयघोष से बारीडीह मैदान गूंज रहा था। श्रद्धालुओं ने केसरिया ध्वज व गेरुआ वस्त्र धारण कर शिव भक्ति की गंगा बहाई। यात्रा की शुरुआत से पहले 11 पंडितों की टीम ने पवित्र गंगाजल के साथ संकल्प कराया।

सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर समिति द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए थे। रास्ते में शीतल पेय, बड़े पंखों और बैरिकेडिंग के साथ साथ 200 सूर्यधाम सेवकों और पुलिस बल की तैनाती की गई थी। वहीं, स्वास्थ्य सुविधा हेतु कई मेडिकल कैम्प और एम्बुलेंस भी तैनात रहे।

भक्ति भाव से ओतप्रोत इस यात्रा के बाद 25 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने सोन मंडप परिसर में खिचड़ी, सब्जी और खीर का प्रसाद ग्रहण किया।

पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने इसे आध्यात्म, भक्ति और एकता का अविस्मरणीय दृश्य बताया। उन्होंने कहा कि सुल्तानगंज के गंगाजल से बाबा का जलाभिषेक न कर पाने वाले श्रद्धालुओं के लिए मंदिर समिति की यह पहल बहुत ही सराहनीय और सफल रही है।

वहीं मंदिर समिति के संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह ने सभी श्रद्धालुओं, कार्यकर्ताओं और सहयोगियों के प्रति आभार प्रकट करते हुए इसे लौहनगरी के लिए गौरव का क्षण बताया।

इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में समिति के संरक्षक, कार्यकर्ता, सामाजिक संस्थाएं एवं सैकड़ों श्रद्धालु सक्रिय रूप से शामिल रहे।

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !