Union Minister Of State For Defence, Sanjay Seth Received A Death Threat: देश के केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ को उनके मोबाइल फोन पर मैसेज और कॉल कर जान से मारने की धमकी देने का मामला दो दिन पूर्व प्रकाश में आया था, इसे लेकर राँची के सुखदेवनगर (पंडरा ओपी) थाना क्षेत्र में सनहा दर्ज करवाया गया था।
केन्द्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ को जान से मारने की धमकी दिए जाने के मामले को गंभीरता से लेते हुए रांची के एसएसपी सह डीआईजी चंदन कुमार सिन्हा के द्वारा, रांची के सिटी एसपी के निर्देशन में कोतवाली डीएसपी के नेतृत्व में एक छापेमारी टीम का गठन किया गया था।
रांची एसएसपी द्वारा गठित छापेमारी टीम के द्वारा विभिन्न तकनीकी पहलुओं का इस्तेमाल कर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ को जान से मारने की धमकी देने वाले मोबाइल धारक जिसकी पहचान नित्यानंद पाल- पिता स्वर्गीय सीताराम पाल, वर्तमान पता- हरिहरपुर थाना, जिला धनबाद है ,उसे धनबाद रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी नित्यानंद पाल के विरुद्ध पूर्व में भी पिंडराजोरा थाना में मामला दर्ज है।
आरोपी के द्वारा केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के निजी मोबाइल नंबर पर दो अलग-अलग मोबाइल नंबरों (6209401932 और 9431706452) से कॉल व मैसेज कर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।
आरोपी मूल रूप से बोकारो जिले के पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के बागा बाजार, नारायणपुर का निवासी है तथा वर्तमान में हरिहरपुर थाना क्षेत्र के विशनपुर, जिला धनबाद में रह रहा था।
गिरफ्तारी के समय आरोपी के पास से धमकी देने में प्रयुक्त आई टेल कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया गया। पूछताछ में नित्यानंद पाल ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह अक्सर बड़े अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को धमकी देकर उनसे पैसे ऐंठने का काम करता रहा है।