National Mourning On Shibu Soren Death:झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत तमाम नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है।राष्ट्रपति ने एक्स पर एक पोस्ट के जरिए कहा,  शिबू सोरेन जी का निधन सामाजिक न्याय के क्षेत्र में एक बड़ी क्षति है।                    
                    
                    
                                    
                                                
                                
                                
                                
                                
                                          
  
 
                                     
                                                            
                                     
                
           
       उन्होंने आदिवासी अस्मिता और झारखंड राज्य के निर्माण के लिए संघर्ष किया। जमीनी स्तर पर काम करने के अलावा उन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और सांसद के रूप में भी योगदान दिया। जनता, विशेषकर आदिवासी समुदायों के कल्याण पर उनके ज़ोर को सदैव याद रखा जाएगा।उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, मैं झारखंड के मुख्यमंत्री और शिबू सोरेन जी के पुत्र श्री हेमंत सोरेन जी, परिवार के अन्य सदस्यों और उनके सभी प्रशंसकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करती हूं।गृहमंत्री अमित शाह ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक शिबू सोरेन के निधन को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि उन्होंने दशकों तक झारखंड में जनजातीय समाज के अधिकारों और सशक्तीकरण के लिए संघर्ष किया। अपने सहज और सरल स्वभाव के कारण वे जन-जन से जुड़े रहे। शाह ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान मिले और शोकाकुल सोरेन परिवार व उनके समर्थकों को यह दुख सहने की शक्ति मिले।