Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2025-09-10

Bihar Elections: सीएम नीतीश कुमार से मिले अर्जुन मुंडा, बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा और जदयू की तैयारियों का खाका

Patna: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सभी दल चुनावी तैयारियों में जुट गए हैं। इसी कड़ी में अब झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अर्जुन मुंडा ने बुधवार को पटना पहुंचकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच करीब आधे घंटे तक बातचीत चली। वहीं, मुलाकात के बाद अर्जुन मुंडा ने मीडिया से बातचीत में साफ तौर पर कहा कि उनकी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से राजनीतिक और चुनावी मामलों पर चर्चा हुई है। उन्होंने यह भी इशारा किया कि बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा और जदयू की तैयारियों का खाका खींचा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अगर पार्टी का आदेश होगा तो मैं बिहार में रहकर एनडीए के लिए चुनाव प्रचार करूंगा। पार्टी जहां भी जिम्मेदारी देगी, मैं वहां रहकर काम करूंगा। इस दौरान जब उनसे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के स्वास्थ्य को लेकर सवाल पूछा गया तो अर्जुन मुंडा ने कहा कि उनकी मुलाकात अभी-अभी हुई है और मुख्यमंत्री पूरी तरह से शारीरिक और मानसिक रूप से फिट नजर आ रहे हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि नीतीश कुमार लगातार जनता के बीच सक्रिय हैं और पूरे उत्साह के साथ चुनावी तैयारी में जुटे हुए हैं। वहीं, बिहार विधानसभा चुनाव के परिणामों को लेकर उन्होंने विश्वास जताया कि एक बार फिर बिहार में एनडीए की सरकार बनेगी। अर्जून मुंडा ने कहा कि बिहार की जनता ने हमेशा विकास और स्थिरता को चुना है।

नीतीश कुमार और भाजपा की जोड़ी ने बिहार में लंबे समय तक सरकार चलाई है और इस बार भी जनता का समर्थन एनडीए को मिलेगा। उधर, अर्जुन मुंडा और नीतीश कुमार की इस मुलाकात के कई राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं। झारखंड से सटे बिहार के कई इलाकों में भाजपा और जदयू की पकड़ मजबूत है।

ऐसे में अर्जुन मुंडा जैसे बड़े आदिवासी नेता का बिहार में सक्रिय होना एनडीए के लिए एक बड़ा प्लस पॉइंट हो सकता है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बिहार चुनाव में इस बार एनडीए पूरी ताकत झोंकने वाला है और अर्जुन मुंडा की भूमिका अहम रह सकती है।

बता दें कि अर्जुन मुंडा भाजपा के कद्दावर आदिवासी नेता माने जाते हैं। झारखंड की राजनीति में उनका बड़ा कद है। तीन बार वे झारखंड के मुख्यमंत्री रह चुके हैं और लंबे समय से पार्टी की नीतियों को आगे बढ़ाते रहे हैं। बिहार के सीमावर्ती इलाकों में आदिवासी समाज की अच्छी-खासी संख्या है और ऐसे में अर्जुन मुंडा का सक्रिय होना चुनावी दृष्टिकोण से अहम माना जा रहा है।
Weather