Jamshedpur : सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम को लेकर भाजपा जमशेदपुर महानगर ने विस्तृत रूपरेखा तैयार कर ली है. शनिवार को साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय में हुई बैठक की अध्यक्षता कार्यक्रम संयोजक पवन अग्रवाल ने की. बैठक में आगामी दिनों में होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों का खाका खींचा गया.
निर्णय के अनुसार, 28 और 29 सितंबर को नमो उद्यान अभियान के तहत शहरभर में पौधरोपण किया जाएगा और उद्यानों पर “नमो उद्यान” का बोर्ड लगाया जाएगा. इसके बाद 1 अक्टूबर को महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई अभियान चलाया जाएगा.
मानगो मंडल गांधी मैदान स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा की सफाई करेगा, जिसकी जिम्मेदारी जिला उपाध्यक्ष प्रदीप महतो को सौंपी गई है. साकची पश्चिम मंडल गांधी घाट स्थित गांधी प्रतिमा की सफाई करेगा, जबकि कदमा मंडल शास्त्री नगर ब्लॉक नंबर 4 में स्थित जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा की देखरेख करेगा, जहां प्रभारी के रूप में जिला कार्यालय मंत्री सुबोध झा मौजूद रहेंगे. इसी तरह, बर्मामाइंस मंडल हिंद आश्रम में और सीतारामडेरा मंडल जेपी सेतु व गांधी आश्रम स्थित प्रतिमाओं की सफाई करेगा. इन सभी कार्यक्रमों की देखरेख कार्यक्रम संयोजक पवन अग्रवाल स्वयं करेंगे.
2 अक्टूबर गांधी जयंती पर भाजपा कार्यकर्ता शहरभर की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित करेंगे. साथ ही, बिस्टुपुर स्थित खादी भंडार में विशेष कैंप लगाकर कार्यकर्ताओं और आमजन को खादी वस्त्र खरीदने के लिए प्रेरित किया जाएगा. इस दौरान पार्टी कार्यकर्ता भी स्वयं खादी वस्त्रों की खरीदारी करेंगे.
बैठक में जिला उपाध्यक्ष प्रदीप महतो, जिला कार्यालय मंत्री सुबोध झा, कदमा मंडल अध्यक्ष अजीत सिंह, साकची मंडल अध्यक्ष बजरंगी पांडेय, बर्मामाइंस मंडल अध्यक्ष सुरज सिंह, सीतारामडेरा मंडल उपाध्यक्ष रंजीत कुमार, जयप्रकाश सिंह समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित रहे.