Ranchi: झारखंड की राजधानी रांची के तमाड़ थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। बांकी भुरसूडीह गांव के 22 वर्षीय सुरेश स्वांसी की जमीन विवाद में धारदार हथियार से हत्या कर दी गई जिसमें हमलावरों ने उसके सिर को धड़ से अलग कर दिया। घटना शनिवार 13 सितम्ब की सुबह की बताई जा रही है।
घटना की वजह
तमाड़ के थाना प्रभारी प्रवीण कुमार मोदी ने बताया कि हत्या आपसी रंजिश का परिणाम है। घटना के संबंध में थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
घटना की विस्तृत जानकारी
मामले की जानकारी देते हुए मृतक के भाई सोनाराम स्वांसी और पिता एतवा स्वांसी के ने कहा कि, सुरेश गांव के ही विभीषण स्वांसी के साथ मशरूम चुनने धान के खेत गया था। काफी देर तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिजन उसकी तलाश में निकल गए। इस दौरान विभीषण से सुरेश के संबंध में पूछताछ की गई तो उसने बताया कि गांव के जगदीश स्वांसी, हरि मुंडा और पूर्णे स्वांसी ने जमीन विवाद को लेकर सुरेश पर धारदार हथियार से हमला करके उसके सिर को धर से अलग करके उसकी हत्या कर दी। जिसके बाद शव को खेत में फेक दिया।
पुलिस की जांच
घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस को मामले की जानकारी देने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सुरेश के पीछे उसकी पत्नी और डेढ़ साल का बेटा रह गया है। वारदात के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
आम जनता से अपील
जमीन विवाद जैसी समस्याओं का समाधान हिंसा से नहीं बल्कि कानूनी और आपसी बातचीत से होना चाहिए। इस तरह की घटनाएं न सिर्फ एक परिवार को उजाड़ देती हैं बल्कि पूरे समाज में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा करती हैं। नागरिकों को किसी भी विवाद की स्थिति में कानून का सहारा लेना चाहिए और प्रशासन को सूचित करना चाहिए, ताकि समय रहते समाधान निकले और निर्दोष लोगों की जान जाने से बच सके।