देर रात आग लगने से मचा हड़कंप
रांची के धुर्वा स्थित झारखंड पुलिस मुख्यालय के डेटा सेंटर के डेवलपमेंट सेक्शन में सोमवार की रात अचानक आग लग गई. आग लगने से मुख्यालय में अफरा-तफरी मच गई. इससे पहले की कोई कुछ समझ पाता आग ने डेवलपमेंट सेक्शन के कई कंप्यूटर को अपने चपेट में ले लिया. बताया जा रहा है कि इस आगलगी में 13 से ज्यादा कंप्यूटर जलकर खाक हो गए हैं. पुलिस मुख्यालय के गार्ड्स और डेटा सेंटर के कर्मियों ने फायर बिग्रेड को घटना की जानकारी दी. जिसके बाद दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया.
वेबसाइट अपलोड सहित कई कार्य होते थे
झारखंड पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार डेवलपमेंट सेक्शन में झारखंड पुलिस के वेबसाइट पर अपलोड के अलावा कई तरह के कार्य किए जाते थे. 13 से ज्यादा कंप्यूटर जल जाने की वजह से यह काम फिलहाल प्रभावित हुआ है. पुलिस मुख्यालय के कुछ कर्मियों ने बताया कि गनीमत थी कि आग डेटा सेंटर के पहले माले तक नहीं पहुंची वरना काफी ज्यादा नुकसान हो जाता. झारखंड पुलिस के डेटा सेंटर में प्राइवेट कर्मियों के अलावा वायरलेस में तैनात पुलिसकर्मी भी ड्यूटी देते हैं.
नुकसान का आकलन
झारखंड पुलिस के प्रवक्ता आईजी माइकल राज ने बताया कि डेटा सेंटर के पहले माले पर आग लगा था जिस पर काबू पा लिया गया है, आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है.
शॉर्ट सर्किट से लगी आग
बताया जा रहा है कि पुलिस मुख्यालय के डाटा सेंटर में आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी थी. रात में कंप्यूटर से जुड़े इलेक्ट्रिक कनेक्शन को ऑफ नहीं किया गया था. जिसके चलते शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई. हालांकि पुलिस मुख्यालय की तरफ से इस आगलगी को बेहद गंभीर माना गया है.
पूरे मामले की जांच की जा रही है. इसके लिए जो दोषी पाए जाएंगे उन पर कार्रवाई होना भी तय है. पुलिस मुख्यालय के कुछ कर्मियों ने बताया कि डेटा सेंटर में वायरलेस डिपार्टमेंट के पुलिसकर्मियों की तैनाती होती है, लेकिन वह रात में ड्यूटी पर नहीं आते हैं. सारा काम प्राइवेट कर्मचारियों के भरोसे ही छोड़ दिया जाता है.
पहले भी लग चुकी है आग
झारखंड पुलिस मुख्यालय में इससे पूर्व भी आगलगी की घटनाएं हो चुकी हैं. पुलिस मुख्यालय के मुख्य बिल्डिंग में स्थित पूरा कॉन्फ्रेंस हॉल ही कुछ वर्ष पहले पूरी तरह से जलकर राख हो गया था, जिसमें भारी नुकसान हुआ था.