Jamshedpur News: 17 सितंबर से 16 अक्टूबर तक चल रहे 8वें राष्ट्रीय पोषण माह के तहत समाहरणालय परिसर से उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने पोषण जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.
उपायुक्त ने इस अवसर पर प्रतिभागियों को पोषण शपथ भी दिलाई. उन्होंने कहा कि कुपोषण जैसी समस्या को दूर करने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा. इसके लिए लोगों में जागरूकता लाना बेहद जरूरी है. उन्होंने कहा कि कुपोषण के कुचक्र को तोड़ना है और इसके लिए सही आहार, सही आदतें और स्वच्छता को अपनाना आवश्यक है. उपायुक्त ने सभी से पोषण अभियान को जनभागीदारी और जनआंदोलन की तरह आगे बढ़ाने का आह्वान किया ताकि जिले को शत-प्रतिशत कुपोषण मुक्त बनाया जा सके.
जागरूकता रथ के माध्यम से विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों में विशेष रूप से टीकाकरण, पौष्टिक आहार, उचित पोषण, स्वच्छता एवं साफ-सफाई, डायरिया और अनीमिया की रोकथाम, साथ ही प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना पर जानकारी दी जाएगी. इसके अलावा गर्भवती महिलाओं, धातृ माताओं, नवजात शिशुओं, किशोरियों और बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य बनाए रखने के लिए आवश्यक जानकारियों से अवगत कराया जाएगा.
इस वर्ष पोषण माह 2025 का फोकस महिलाओं, बच्चों और परिवारों के सर्वांगीण स्वास्थ्य एवं पोषण पर है. इसके तहत मुख्य विषयों में मोटापे से मुक्ति के लिए नमक, चीनी और तेल का सीमित सेवन, स्थानीय खाद्य पदार्थों को बढ़ावा देकर आत्मनिर्भरता की ओर कदम, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल और शिक्षा के साथ "पोषण भी पढ़ाई भी," तथा समन्वित कार्यवाही और डिजिटलीकरण को शामिल किया गया है. साथ ही शिशु एवं छोटे बच्चों को खिलाने की बेहतर पद्धतियां और पोषण गतिविधियों में पुरुषों की सहभागिता पर भी जोर दिया जा रहा है.
पोषण माह के दौरान 17 सितंबर से 16 अक्टूबर तक प्रतिदिन विभिन्न गतिविधियों का आयोजन कर लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा.
इस मौके पर अपर उपायुक्त भगीरथ प्रसाद, डीटीओ धनंजय, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी संध्या रानी, सीडीपीओ और महिला पर्यवेक्षिकाएं उपस्थित थीं. जागरूकता रथ धालभूम और घाटशिला अनुमंडल के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के टोला-मोहल्लों और हाट-बाजारों का भ्रमण कर लोगों को कुपोषण और सही पोषण के प्रति जागरूक करेगा.