Jamshedpur News: बहरागोड़ा थाना पुलिस ने सोमवार देर शाम एनएच-49 स्थित वृंदावन होटल के पास छापामारी कर चार ब्राउन शुगर तस्करों को दबोच लिया. पकड़े गए तस्करों के पास से कुल 106 पुड़िया ब्राउन शुगर (करीब 9.380 ग्राम), दो मोटरसाइकिल, पांच मोबाइल फोन और 1550 रुपये नकद बरामद किए गए.
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ऋषभ गर्ग को गुप्त सूचना मिली थी कि बरसोल की ओर से मोटरसाइकिल पर सवार होकर कुछ लोग बहरागोड़ा क्षेत्र में ब्राउन शुगर लेकर आने वाले हैं. इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी घाटशिला अजीत कजूर के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया.
इस तरह दबोचे गए चारों आरोपी
छापामारी दल ने वृंदावन होटल के पास दो मोटरसाइकिल पर सवार चार संदिग्ध युवकों को देखा. पुलिस को देखते ही चारों भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया. पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान चंदन खटुआ, उम्र 29 वर्ष, ग्राम छोटा पारूलिया, थाना बरसोल, राकेश कुमार षण्ड, उम्र 35 वर्ष, ग्राम छोटा पारूलिया, थाना बरसोल, राजा रजक, उम्र 29 वर्ष, ग्राम धोबी गली नं-02, थाना मुसाबनी, और अंशु मिश्रा, उम्र 18 वर्ष, ग्राम मुसाबनी गल्ली नं-01, थाना मुसाबनी.
ये सामान हुए बरामद
चंदन खटुआ के पास से 60 पुड़िया (5.20 ग्राम) ब्राउन शुगर और एक मोबाइल, राकेश कुमार षण्ड के पास से 21 पुड़िया (1.91 ग्राम) और एक मोबाइल, राजा रजक के पास से 12 पुड़िया (1.05 ग्राम) और दो मोबाइल, अंशु मिश्रा के पास से 13 पुड़िया (1.22 ग्राम) और एक मोबाइल बरामद किया गया है.
कुल मिलाकर 106 पुड़िया ब्राउन शुगर जब्त की गई है. साथ ही दो मोटरसाइकिलें जिसका नंबर JH05DC 3412 और JH05BN 4770 है, और पांच मोबाइल और नकद 1550 रुपये भी बरामद हुए.
छापामारी दल में एसडीपीओ अजीत कजूर और बहरागोड़ा थाना प्रभारी की टीम रही शामिल
इस छापामारी दल में एसडीपीओ अजीत कजूर के अलावा बहरागोड़ा थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा, एएसआई राहुल कुमार, एसआई ओम शरण, एसआई शुभकांत झा समेत रिजर्व गार्ड कमल तिडु, सुमन कुमार ज्योति और आफताब आलम शामिल थे.
पुलिस ने चारों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(b)/29 के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.