ट्रैफिक डीएसपी श्री नीरज की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि जुगसलाई, साकची, गोलमुरी, मानगो, बिष्टुपुर, कदमा और सोनारी समेत पूरे शहरी क्षेत्र में कई जगहों पर ड्रॉप गेट और बैरिकेड लगेंगे. इसका मकसद है कि वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रहे और पैदल श्रद्धालुओं को सुविधा मिले.
जुगसलाई क्षेत्र में रेलवे पुल मोड़, भिखारी मैदान, लाल बिल्डिंग और गोलपहाड़ी मोड़ जैसे इलाकों में ड्रॉप गेट लगाए जाएंगे. वहीं साकची में सागर होटल, गोलचक्कर, बंगाल क्लब और शीतला मंदिर के पास कड़े ट्रैफिक नियंत्रण की तैयारी है. कुम्हारपाड़ा और पाली टॉकीज के पास भी ड्रॉप गेट रहेंगे.
गोलमुरी-बर्मामाइंस क्षेत्र में आरडी टाटा गोलचक्कर, एनटीटीएफ और टैक्सी स्टैंड के पास स्लाइडर और बैरिकेड लगेंगे. इसी तरह सिदगोड़ा बाजार, संडे मार्केट और बर्मामाइंस स्कूल रोड के आसपास भी वाहनों की रोकथाम की जाएगी.
बिष्टुपुर क्षेत्र में सर्किट हाउस पूजा पंडाल के सामने दोनों ओर, मैला टंकी से खरकई पुल तक और बेल्डीह कालीबाड़ी के आसपास विशेष बैरिकेडिंग रहेगी. वहीं बर्निंग घाट और नदी किनारे सुरक्षा के मद्देनजर ड्रॉप गेट और पानी में बैलून लगाकर एहतियाती कदम उठाए जाएंगे.
कदमा इलाके में थाना गेट, एडीएल स्कूल, रानीकुदर, रामदास भट्टा पेट्रोल पंप और न्यू फॉर्म एरिया रोड नंबर-08 और 10 के बीच पंडाल के पास गाड़ियां नियंत्रित रहेंगी. इसके अलावा निर्मल महतो चौक और कदमा बाजार के पीछे भी बैरिकेडिंग होगी.
सोनारी में एयरपोर्ट गोलचक्कर से राम मंदिर रोड, सोनारी राम मंदिर के पास और कागलनगर पेट्रोल पंप के पास ड्रॉप गेट और रस्सी बैरिकेड लगाए जाएंगे.
पूरे प्लान को लागू करने की जिम्मेदारी अलग-अलग एजेंसियों और पूजा समितियों को दी गई है. JNAC, JUSCO, MNAC और पुलिस प्रशासन मिलकर इस व्यवस्था को लागू करेंगे.
यातायात डीएसपी ने साफ किया है कि पूजा के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था या भीड़-भाड़ की स्थिति नहीं बनने दी जाएगी. आदेश की प्रति सभी थाना प्रभारियों, एसडीओ और एडीएम को भेज दी गई है.