Saraikela: सरायकेला जिला के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने कृषि एवं सम्बद्ध विभागों के अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि विभागीय योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि अधिक से अधिक लाभुक योजनाओं से लाभान्वित हो सकें। उपायुक्त ने कृषि विभाग को किसान क्रेडिट कार्ड पंजीकरण लक्ष्य पूर्ण करने और मुख्यमंत्री कृषि ऋण माफी योजना के शेष किसानों का e-KYC सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उद्यान विभाग को शिमला मिर्च, अदरक और स्ट्रॉबेरी जैसी लाभकारी फसलों को बढ़ावा देने का निर्देश दिया गया।
पशुपालन विभाग को मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत पशु वितरण करने का निर्देश दिया गया। भूमि संरक्षण विभाग को तालाब जीर्णोद्धार और डीप बोरिंग के लिए प्राप्त आवेदनों की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। सहकारिता विभाग को बिरसा/प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत सभी पात्र किसानों को जोड़ने और धान अधिप्राप्ति केंद्रों की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर योजनाओं की नियमित समीक्षा और मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि समयबद्ध लक्ष्य प्राप्त करने और सभी पात्र किसानों को योजनाओं का लाभ पारदर्शी ढंग से उपलब्ध कराने के लिए यह आवश्यक है।