Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2025-09-25

Jamshedpur Accident: टाटा-रांची हाइवे पर दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार ईको कार कंटेनर से टकराई, चालक की मौत, पांच लोग घायल

Jamshedpur : सरायकेला-खरसावां जिला के ईचागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-33) पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दारुदा के पास तेज रफ्तार से आ रही मारुति ईको कार सड़क किनारे खड़े एक कंटेनर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक की मौके पर ही मौत हो गई।


मृत चालक की पहचान देवव्रत प्रधान (41 वर्ष) के रूप में की गई है। हादसे के बाद उनका शव कार में बुरी तरह फंस गया था। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद गैस कटर से वाहन को काटकर शव को बाहर निकाला गया। इस दर्दनाक दृश्य को देखकर मौके पर मौजूद लोगों के रौंगटे खड़े हो गए।


पांच लोग घायल, दो को रेफर

कार में चालक समेत कुल छह लोग सवार थे। हादसे में चालक की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में 63 वर्षीय सत्यव्रत प्रधान और उनका 37 वर्षीय बेटा मनोज प्रधान भी शामिल हैं। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना ईचागढ़ पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर घायलों को एंबुलेंस से चांडिल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद सत्यव्रत प्रधान और मनोज प्रधान को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया।

कोलकाता जा रहे थे यात्री

जानकारी के अनुसार, कार सवार लोग रांची से कोलकाता की ओर जा रहे थे। दारुदा के पास सड़क किनारे खड़े कंटेनर को उन्होंने संभवतः देर से देखा, जिस कारण यह हादसा हुआ। हादसे के बाद एनएच-33 पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति भी बन गई।

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

ईचागढ़ थाना पुलिस ने मृतक चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और कंटेनर चालक की भी तलाश की जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि टाटा-रांची हाइवे पर आए दिन तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से सड़क पर खड़े भारी वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !